मंगलवार, 10 नवंबर 202603:51:58 PM
Download App
Home/मनोरंजन

रामायण देखकर हैरान हुईं ड्रीम गर्ल : स्पेशल इफेक्ट्स ने रोकी सांसें, फिल्म का पोस्टर शेयर कर बताया अपना अनुभव

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 10, 2026
06:37 AM
स्पेशल इफेक्ट्स ने रोकी सांसें, फिल्म का पोस्टर शेयर कर बताया अपना अनुभव

मुंबई। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित एक बड़ी बजट की भारतीय हिंदी पौराणिक फिल्म रामायण पार्ट 1 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। बड़े परदे में आने के बाद से फिल्म सुर्खियों में बनी हुई है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी रणवीर कपूर की फिल्म की खूब सराहना कर रहे हैं। इसी कड़ी में बाॅलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी फिल्म को देखने के बाद इसकी भव्यता, शानदार स्पेशल इफेक्ट्स और कलाकारों के अभिनय भूरि-भूरि प्रशंसा की है। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कहा कि फिल्म की प्रस्तुति इतनी शानदार है कि वह इसे देखकर हैरान रह गईं।

बिना उम्मीद के देखने पहुंचीं, फिल्म ने कर दिया हैरान

हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए अपना अनुभव बताया। उन्होंने लिखा कि रामायण की कहानी भारत के लगभग हर बच्चे को पता है। ऐसे में वह फिल्म देखने के लिए किसी खास उम्मीद के साथ नहीं गई थीं।

उन्हें लग रहा था कि रामायण जैसी जानी-पहचानी कहानी में आखिर नया क्या दिखाया जा सकता है, लेकिन फिल्म देखने के बाद उनकी सोच बदल गई। उन्होंने फिल्म की प्रस्तुति को शानदार बताते हुए कहा कि इसके स्पेशल इफेक्ट्स इतने प्रभावशाली हैं कि कई दृश्यों ने उनकी सांसें थाम दीं। साथ ही उन्होंने कलाकारों के चयन को भी बिल्कुल सही बताया।

दर्शकों को महसूस हुआ जैसे कहानी का हिस्सा हों

अभिनेत्री ने सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया का भी खास तौर पर जिक्र किया। उनके मुताबिक, दर्शकों को फिल्म देखते समय ऐसा महसूस हो रहा था, जैसे वे किसी दूसरी दुनिया और अलग दौर में पहुंच गए हों। हेमा मालिनी ने कहा कि दर्शक केवल पर्दे पर कहानी नहीं देख रहे थे, बल्कि खुद को उसका हिस्सा महसूस कर रहे थे। उनके अनुसार, आधुनिक तकनीक और शानदार विजुअल इफेक्ट्स ने इस पौराणिक कहानी को एक नया और यादगार सिनेमाई अनुभव बना दिया है।

नितेश तिवारी के निर्देशन की हो रही तारीफ

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। रामायण जैसे महाकाव्य को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश को दर्शकों और फिल्म जगत से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म की तकनीक, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों की भूमिका को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

दूसरे पार्ट का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार

रामायणरू पार्ट 1 की चर्चा के बीच अब दर्शकों की निगाहें इसके दूसरे भाग पर टिकी हैं। फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाला है। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा, एसएस राजामौली, संदीप रेड्डी वांगा और एटली समेत मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां भी फिल्म की तारीफ कर चुकी हैं।

हेमा मालिनी की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि दूसरा भाग भी पहले पार्ट की तरह दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें