'ओम: चैप्टर 1' को लेकर बढ़ा उत्साह : साई पल्लवी बनेंगी IPS अफसर नित्या रेड्डी, धनुष और ममूटी के साथ करेंगी धमाकेदार एक्शन

मुंबई। साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी जल्द ही बड़े पर्दे पर एक नए और दमदार अवतार में नजर आने वाली हैं। निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की आगामी पैन-इंडियन एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'ओम: चैप्टर 1- उधिराम : द ब्लड वुड' में साई पल्लवी आईपीएस अधिकारी की भूमिका निभाती दिखाई देंगी। फिल्म में उनका किरदार नित्या रेड्डी एक सख्त और निडर पुलिस अधिकारी का है, जो लाल चंदन की अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के मिशन पर निकलती है। फिल्म में धनुष और ममूटी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्देशक को था साई पल्लवी पर पूरा भरोसा
शुक्रवार को साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित फिल्म के ग्रैंड ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में साई पल्लवी ने अपने किरदार और निर्देशक राजकुमार पेरियासामी के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें निर्देशक के काम करने का अंदाज बेहद पसंद है। उन्होंने पिछली फिल्म के दौरान ही राजकुमार से उनकी अगली फिल्म का हिस्सा बनने की इच्छा जाहिर कर दी थी। साई पल्लवी ने बताया कि निर्देशक ने उनकी बात को गंभीरता से लिया और इस फिल्म में उन्हें एक दमदार पुलिस अधिकारी का किरदार दिया।
उन्होंने कहा, "मेरे पुलिसवाले रोल पर उन्हें मुझसे भी ज्यादा भरोसा था। स्टंट सीक्वेंस पर काम करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया। उनके साथ काम करना शानदार अनुभव था। राजकुमार सर ने इस किरदार को कई परतों के साथ लिखा है।" साई पल्लवी ने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह वह महिलाओं के किरदारों को गहराई और मजबूती के साथ लिखते हैं, वह हर अभिनेत्री के लिए सपने जैसा है।
'ममूटी-ममूटी' से अब ममूटी के साथ काम करने का मिला मौका
फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए साई पल्लवी ने अपनी पिछली फिल्म 'अमरन' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस फिल्म में उनके किरदार को पूरे समय 'ममूटी' कहकर पुकारा जाता था। अब उन्हें वास्तविक जीवन में मलयालम सुपरस्टार ममूटी के साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिल रहा है। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "पिछली फिल्म में ममूटी-ममूटी कहकर अब ममूटी सर के साथ। पता नहीं क्या मैंने इसे मैनिफेस्ट कर लिया था।"
लाल चंदन तस्करी के खिलाफ होगा 'ऑपरेशन ओम'
फिल्म में साई पल्लवी नित्या रेड्डी नाम की आईपीएस/सीबीआई अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। कहानी लाल चंदन की अवैध तस्करी और उससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती है। नित्या रेड्डी इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए 'ऑपरेशन ओम' शुरू करती हैं। इस मिशन के पीछे उनका एक व्यक्तिगत नुकसान भी जुड़ा है, जो उन्हें न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए प्रेरित करता है।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में धनुष और ममूटी के साथ साई पल्लवी की मौजूदगी दर्शकों के लिए खास आकर्षण मानी जा रही है। एक्शन, थ्रिलर, अपराध और भावनात्मक कहानी के मेल से बनी यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। साई पल्लवी का पुलिस अधिकारी वाला नया अवतार फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
