टीवी की अंगूरी भाभी अब बनेंगी 'तुलसी' : JD मजेठिया की नई AI सीरीज में शुभांगी अत्रे की एंट्री, 7 नवंबर को हो सकता है प्रीमियर

मुंबई। टीवी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री शुभांगी अत्रे एक बार फिर नए और दिलचस्प किरदार में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। 'भाबीजी घर पर हैं' से घर-घर में लोकप्रिय हुईं शुभांगी अब निर्माता, क्रिएटर और अभिनेता जेडी मजेठिया की आगामी ड्रामा सीरीज 'तुलसी है ना' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। खास बात यह है कि इस सीरीज में कहानी कहने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का अनोखा प्रयोग किया जाएगा। शुभांगी इसमें तुलसी का किरदार निभाएंगी।
AI के साथ कहानी कहने का नया प्रयोग
निर्माता जेडी मजेठिया अपनी पिछली सीरीज 'चुंबक' की सफलता के बाद एक नए कॉन्सेप्ट के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी कर रहे हैं। 'तुलसी है ना' के जरिए वह मनोरंजन की दुनिया में तकनीक और अभिनय का नया मेल पेश करने जा रहे हैं। इस सीरीज में कलाकारों के असली चेहरों और आवाजों का इस्तेमाल करते हुए AI तकनीक की मदद से कहानी को एक अलग अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। मेकर्स का मानना है कि इससे दर्शकों को कहानी देखने का नया अनुभव मिलेगा।
जेडी मजेठिया बोले- भावनाएं रहेंगी कहानी की जान
सीरीज को लेकर जेडी मजेठिया ने कहा कि एक क्रिएटर के तौर पर वह हमेशा समय के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं। 'चुंबक' के बाद उनकी टीम यह जानना चाहती थी कि नई तकनीक कहानी कहने के तरीके को किस तरह बेहतर बना सकती है। उन्होंने कहा कि 'तुलसी है ना' में तकनीक कहानी की दुनिया को विस्तार देगी, लेकिन उसकी भावनाओं को कम नहीं होने देगी। शुभांगी अत्रे का मुख्य भूमिका में होना इस प्रोजेक्ट को और खास बनाता है।
शुभांगी अत्रे के लिए भी खास है तुलसी का किरदार
शुभांगी अत्रे भी जेडी मजेठिया के साथ दोबारा काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि जेडी के साथ काम करना हमेशा खास अनुभव रहा है। इस नए प्रोजेक्ट में फिर से साथ आना उनके लिए रोमांचक है। अभिनेत्री के मुताबिक, एक कलाकार के तौर पर हमेशा कुछ नया करने की इच्छा रहती है। इस सीरीज ने उन्हें कहानी कहने के एक बिल्कुल अलग अंदाज का हिस्सा बनने का मौका दिया है। असली अभिनय, आवाज और AI तकनीक का एक साथ इस्तेमाल मनोरंजन की दुनिया में नई संभावनाएं खोलता है।
7 नवंबर को हो सकता है प्रीमियर
'तुलसी है ना' में शुभांगी का तुलसी अवतार दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है। सीरीज का प्रीमियर 7 नवंबर को हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि AI और पारंपरिक अभिनय के इस अनोखे मेल को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
