आलिया-रणबीर के नए आशियाने में दिवाली का जश्न : राहा की प्यारी हरकत ने जीता फैंस का दिल, नीतू कपूर भी दिखीं साथ

मुंबई। मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की दीपावली इस बार बेहद खास रही। दोनों ने अपने नए घर कृष्णा राज में पूरे परिवार के साथ रोशनी का त्योहार धूमधाम से मनाया। अभिनेत्री ने सोमवार को दीपावली सेलिब्रेशन की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो देखते ही देखते चर्चा में आ गईं। इन तस्वीरों में कपूर परिवार की पूजा, पारंपरिक परिधान और नन्ही राहा की मासूम अदाओं ने फैंस का दिल जीत लिया।
हरे लहंगे में आलिया, सफेद कुर्ते में दिखे रणबीर और राहा
दीपावली के खास मौके पर आलिया भट्ट हरे रंग के पारंपरिक लहंगा-चोली में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को सोने के आभूषणों, बड़े झुमकों, मांग पट्टी और चूड़ियों से पूरा किया।
वहीं रणबीर कपूर सफेद कुर्ता-पायजामा पहने नजर आए। उनकी बेटी राहा भी सफेद पारंपरिक परिधान में अपने पापा के साथ ट्विनिंग करती दिखाई दीं। रणबीर की मां और दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी हरे रंग का पारंपरिक परिधान पहनकर परिवार के साथ त्योहार मनाया।
ऋषि कपूर की तस्वीर के सामने परिवार ने की पूजा
आलिया द्वारा साझा की गई तस्वीरों में पूरा परिवार लक्ष्मी-गणेश पूजन करता नजर आया। एक खास तस्वीर में आलिया, रणबीर और नीतू कपूर दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की बड़ी तस्वीर के सामने खड़े दिखाई दिए। इस तस्वीर ने प्रशंसकों का खास ध्यान खींचा। एक अन्य तस्वीर में आलिया और रणबीर साथ बैठकर पूजा करते नजर आए। वहीं, परिवार के साथ बिताए गए निजी पलों की तस्वीरों ने इस दिवाली को और खास बना दिया।
राहा की प्यारी हरकत ने जीता फैंस का दिल
आलिया ने एक तस्वीर में रणबीर और राहा के साथ खूबसूरत पारिवारिक पल साझा किया। इसमें नन्ही राहा अपने मम्मी-पापा को प्यार से किस करती नजर आई। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी। आलिया ने तस्वीरों के साथ लिखा, मेरे जीवन की रोशनी। आप सभी को और आपके अपनों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
