शिल्पा शेट्टी लगाएंगी प्यार का प्रेशर कुकर! : सिचुएशनशिप, घोस्टिंग और ब्रेकअप के बीच खुलेगा रिश्तों का कच्चा चिट्ठा, माता-पिता भी करेंगे कपल्स से तीखे सवाल

मुंबई। आज की पीढ़ी के प्यार का अंदाज बदल चुका है। कभी सिचुएशनशिप तो कभी घोस्टिंग, बेंचिंग और ब्रेडक्रंबिंग जैसे नए-नए शब्द रिश्तों की पहचान बनते जा रहे हैं। लेकिन इन आधुनिक रिश्तों में प्यार कितना है और कन्फ्यूजन कितना, इसका जवाब अब अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी खोजती नजर आएंगी। कलर्स चैनल जल्द ही अपना नया शो श्प्यार का प्रेशर कुकरश् लेकर आ रहा है, जिसे शिल्पा शेट्टी होस्ट करेंगी।
यह शो आज के युवाओं के रिश्तों, कमिटमेंट की उलझनों और बदलती डेटिंग संस्कृति पर आधारित होगा। इसमें ऐसे कपल्स हिस्सा लेंगे, जो अपने रिश्ते को लेकर किसी न किसी मोड़ पर फंसे हुए हैं। कोई शादी और कमिटमेंट का फैसला नहीं कर पा रहा, तो कोई सालों से रिश्ते में रहने के बावजूद भविष्य को लेकर असमंजस में है।
प्यार में कन्फ्यूजन या कमिटमेंट से डर?
शिल्पा शेट्टी का कहना है कि आज रिश्तों की भाषा पहले से काफी बदल गई है। लोग नए-नए शब्दों के जरिए अपने रिश्तों को परिभाषित तो कर रहे हैं, लेकिन असल में सामने वाला क्या चाहता है, यह समझना मुश्किल होता जा रहा है। शिल्पा के मुताबिक, रिश्ते में एक ऐसा मोड़ जरूर आता है, जब दोनों लोगों को खुलकर बातचीत करनी पड़ती है और जरूरी सवालों के जवाब देने होते हैं। इसी सोच के साथ इस शो का कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है।
पहली बार माता-पिता भी खोलेंगे रिश्तों की पोल
इस शो की सबसे खास बात यह है कि इसमें सिर्फ प्रेमी जोड़ों की कहानी नहीं होगी, बल्कि उनके माता-पिता भी अहम भूमिका निभाएंगे। शिल्पा ने इसे भारत का पहला ऐसा रिलेशनशिप शो बताया है, जिसमें माता-पिता कपल्स को उनके रिश्ते का आईना दिखाएंगे। अक्सर माता-पिता अपने बच्चों के रिश्तों को लेकर सवाल तो रखते हैं, लेकिन खुलकर पूछ नहीं पाते। इस शो में उन्हें भी अपनी बात रखने और बच्चों से सीधे सवाल करने का मौका मिलेगा।
एक घर में रहेंगे कपल्स, बजेगी क्लैरिटी की सीटी
शो के दौरान सभी प्रतिभागी एक ही घर में रहेंगे। उन्हें उन मुद्दों पर खुलकर बात करनी होगी, जिन्हें वे लंबे समय से टालते आ रहे हैं। शो के प्रोमो में पुराने जमाने के प्यार और आज की डेटिंग संस्कृति के बीच का अंतर भी मजेदार अंदाज में दिखाया गया है। प्रोमो के अंत में प्रेशर कुकर की सीटी बजती है, जिसे श्क्लैरिटी की सीटीश् नाम दिया गया है। यह सीटी रिश्तों के दबाव के बीच छिपे सच और फैसलों का प्रतीक होगी।
युवाओं की जिंदगी से जुड़ेगा शो
जियोस्टार में हिंदी और अंग्रेजी एंटरटेनमेंट के प्रमुख आलोक जैन के मुताबिक, आज के युवाओं की जिंदगी और उनकी बातचीत से जुड़े कॉन्सेप्ट दर्शकों तक पहुंचाना जरूरी है। इस शो के जरिए दो पीढ़ियों को एक मंच पर लाने की कोशिश की गई है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
