Asha Bhosle Award : आशा भोसले के नाम पर शुरू होगा विशेष अवॉर्ड, MP सरकार की बड़ी पहल

सुरों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले के सम्मान में मध्य प्रदेश सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। राज्य सरकार उनके नाम पर एक विशेष अवॉर्ड शुरू करने की योजना बना रही है, जिसका उद्देश्य संगीत के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उनके योगदान को सम्मान देना है।

सरकार की खास योजना
प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की जाएगी। सरकार का मानना है कि यह पहल भारतीय संगीत जगत में आशा भोसले के योगदान को लंबे समय तक जीवित रखने में मदद करेगी।
संगीत जगत में अतुलनीय योगदान
आशा भोसले का करियर आठ दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा है। उन्होंने 12,000 से अधिक गीत विभिन्न भाषाओं में गाए हैं। फिल्मी गानों के अलावा उन्होंने ग़ज़ल, भजन और पॉप संगीत में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी इसी बहुमुखी प्रतिभा के कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। आशा भोसले को उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार (2000), पद्म विभूषण (2008) शामिल हैं। राज्य सरकार पहले से ही लता मंगेशकर के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार देती है, ऐसे में आशा भोसले के नाम पर नया अवॉर्ड शुरू करना एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आशा भोसले के नाम पर भी मिलेगा अवार्ड
मध्य प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ इस प्रस्ताव पर अंतिम चर्चा के बाद पुरस्कार की रूपरेखा तय की जाएगी। मंत्री के अनुसार, 'राज्य में पहले से ही लता मंगेशकर के नाम पर राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाता है। अब उनकी छोटी बहन दिग्गज गायिका आशा भोंसले के नाम पर पुरस्कार रखा जायेगा।

नए कलाकारों को मिलेगा मंच
प्रस्तावित “आशा भोसले एक्सीलेंस अवॉर्ड” के तहत नए और स्थापित दोनों तरह के कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें नकद पुरस्कार, परफॉर्मेंस के अवसर और मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।
मध्य प्रदेश से खास जुड़ाव
आशा भोसले का मध्य प्रदेश से खास लगाव रहा है। इंदौर से उनका पारिवारिक रिश्ता जुड़ा रहा है, वहीं भोपाल से भी वे बेहद प्रभावित रही हैं। वे कई बार प्रदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं। मध्य प्रदेश सरकार की यह पहल न सिर्फ एक महान कलाकार को सम्मान देने की कोशिश है, बल्कि संगीत के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक मजबूत कदम भी है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
