बुधवार, 17 जून 202606:29:01 PM
Download App
Home/मनोरंजन

The Family Man : मनोज बाजपेयी नहीं बल्कि श्रीकांत तिवारी का किरदार साउथ सुपरस्टार निभाने वाला था डायरेक्टर ने किया खुलासा

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 17, 2026
11:02 AM
मनोज बाजपेयी नहीं बल्कि श्रीकांत तिवारी का किरदार साउथ सुपरस्टार निभाने वाला था डायरेक्टर ने किया खुलासा

प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ को लेकर एक बड़ा और दिलचस्प खुलासा सामने आया है। सीरीज के निर्देशक राज निदिमोरू ने बताया है कि शो के आइकॉनिक किरदार ‘श्रीकांत तिवारी’ के लिए मनोज बाजपेयी उनकी पहली पसंद नहीं थे। शुरुआत में यह किरदार साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी को ध्यान में रखकर लिखा गया था।

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राज निदिमोरू ने बताया कि जब इस कहानी की कल्पना की गई थी, तब इसे वेब सीरीज नहीं बल्कि एक फिल्म के तौर पर विकसित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पूरी कहानी चिरंजीवी को ध्यान में रखकर लिखी गई थी और उन्हें ही मुख्य भूमिका में लेने की योजना थी।

निर्देशक ने बताया, “हमने यह कहानी चिरंजीवी को ध्यान में रखकर लिखी थी और इसे फिल्म के रूप में बनाने की प्लानिंग थी। हालांकि बाद में परिस्थितियां बदलीं और यह प्रोजेक्ट फिल्म से वेब सीरीज में तब्दील हो गया।”

बाद में यह प्रोजेक्ट वेब सीरीज के रूप में विकसित हुआ और श्रीकांत तिवारी के किरदार के लिए मनोज बाजपेयी को चुना गया। उनकी दमदार एक्टिंग और आम आदमी वाले अंदाज ने इस किरदार को दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।

इस दौरान राज निदिमोरू ने ‘द फैमिली मैन 4’ को लेकर भी संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मेकर्स के पास आगे के लिए बड़ी योजनाएं हैं और कहानी अभी रुकी नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दर्शकों के उत्साह को देखते हुए अब चौथे सीजन को जल्द लाना पड़ सकता है।

बता दें कि The Family Man का पहला सीजन 2019 में रिलीज हुआ था। इसे राज निदिमोरू और कृष्णा डीके ने मिलकर बनाया था। सीरीज में मनोज बाजपेयी के अलावा प्रियामणि, शारिब हाशमी, अश्लेषा ठाकुर और वेदांत सिन्हा अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

वहीं दूसरे सीजन में सामंथा रुथ प्रभु ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीता था। तीसरे सीजन में जयदीप अहलावत की एंट्री ने कहानी में नया रोमांच जोड़ा। अब फैंस बेसब्री से चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं और यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि श्रीकांत तिवारी की अगली मिशन कहानी क्या मोड़ लेती है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें