डोंबिवली से टीम इंडिया तक का सुनहरा सफर थमा : अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा, जारी किया भावुक पोस्ट

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शुमार अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा कर इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि हर सफर की एक शुरुआत होती है और एक दिन उसका अंत भी आता है। उनके मुताबिक अब आगे बढ़ने और नए अध्याय की शुरुआत करने का यही सही समय है।
टाइमिंग हमेशा मेरी ताकत रही, अब विदाई का भी सही समय
अपने वीडियो संदेश में रहाणे ने कहा कि उन्होंने हमेशा बल्लेबाजी में सही टाइमिंग पर भरोसा किया और आज उन्हें महसूस हो रहा है कि संन्यास लेने का यही सही वक्त है। उन्होंने कहा, जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत और अंत तय होता है। जब वह समय आता है तो उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ जाना चाहिए।
रहाणे के इस भावुक संदेश ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर फैंस उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें शानदार करियर के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
डोंबिवली से टीम इंडिया तक का प्रेरणादायक सफर
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से निकलकर भारतीय क्रिकेट टीम तक पहुंचने वाले अजिंक्य रहाणे ने अपने संघर्ष भरे सफर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया और उन्होंने भी इस खेल के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का मतलब यह नहीं है कि उनका क्रिकेट से रिश्ता खत्म हो गया है। वह भविष्य में भी किसी न किसी रूप में खेल से जुड़े रहेंगे।
सभी का जताया आभार
रहाणे ने अपने संदेश में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी, अपने कोच, साथियों, परिवार और विशेष रूप से पत्नी राधिका का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग और विश्वास के बिना उनका यह सफर संभव नहीं हो पाता।
शानदार आंकड़ों के साथ खत्म हुआ अंतरराष्ट्रीय करियर
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनके नाम 2,962 रन दर्ज हैं, जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 375 रन बनाए। आईपीएल में भी रहाणे का लंबा और सफल करियर रहा, जहां उन्होंने छह अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए 212 मुकाबले खेले। अपने शांत स्वभाव, अनुशासित खेल और कई यादगार पारियों के दम पर रहाणे भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा एक सम्मानित नाम के रूप में याद किए जाएंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
