वेलिंगटन टेस्ट राहुल का धमाका : सेना देशों में ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय बल्लेबाज, नर्वस 90 का शिकार हुए कप्तान गिल

वेलिंगटन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जा रहा है। खेल का तीसरा दिन भी भारतीय टीम के नाम पर रहा। शनिवार को स्टंप होने तक टीम इंडिया ने कीवी टीम के 368 रन के जवाब में 4 विकेट पर 486 रन बना लिए हैं। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। केएल राहुल ने 136 रन, देवदत्त पडिक्कल 80, कप्तान गिल 98 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। वहीं ऋषभ पंत 55 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।
मैच की खास बात यह रही की वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व मैदान पर शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को राहुल ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से न सिर्फ भारतीय पारी को मजबूती दी, बल्कि एक ऐसी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली, जो इससे पहले किसी भारतीय टेस्ट ओपनर के नाम नहीं थी। वे दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (सेना देशों) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं।
राहुल ने सेना देशों की धरती पर लगाए 8 शतक
राहुल ने अब तक ऑस्ट्रेलिया में एक, इंग्लैंड में चार और दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट शतक लगाए हैं। वहीं, न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में ही शतक जड़कर उन्होंने इस सूची को पूरा कर लिया। उनके 13 टेस्ट शतकों में से आठ शतक सेना देशों की धरती पर आए हैं। यह उपलब्धि विदेशी परिस्थितियों में उनकी तकनीक, धैर्य और बल्लेबाजी कौशल को दर्शाती है।
जायसवाल के साथ दी शानदार शुरुआत
वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय पारी की शुरुआत केएल राहुल और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने की। दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 130 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल ने भी बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन वह शतक से चूक गए और 85 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, उनके आउट होने के बाद भी राहुल ने अपनी लय बरकरार रखी।

पडिक्कल के साथ मिलकर की गेंदबाजों की जमकर धुनाई
जायसवाल के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने राहुल का साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की शानदार साझेदारी कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। पडिक्कल ने 80 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि राहुल ने अपना शतक पूरा कर भारतीय खेमे में खुशी की लहर दौड़ा दी।
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए थे 368 रन
मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में हेनरी निकोल्स के नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स के 118 रनों की बदौलत 368 रन बनाए थे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट, आकाशदीप ने तीन, अंशुल कंबोज ने दो और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट हासिल किया था।
रिपोर्ट लिखे जाने तक भारत ने पहली पारी में 84 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 298 रन बना लिए थे। केएल राहुल 114 रन और शुभमन गिल दो रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
राहुल की इस ऐतिहासिक पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह विदेशी मैदानों पर भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल हैं। अब भारतीय प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राहुल अपनी इस शानदार पारी को कितने बड़े स्कोर में तब्दील करते हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
