टी-20 सीरीजः साख बचाने आज मैदान में उतरेगा भारत : इंग्लैंड की नजर क्लीन स्वीप और नंबर-1 के ताज पर, साउथैम्पटन में दोनों टीम होंगी आमने-सामने

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आखिरी और पांचवा मुकाबला शनिवार को साउथैम्पटन के द रोज बाउल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में 3-0 से पिछड़ चुकी टीम इंडिया के लिए काफी महत्वपूण्र अहम माना जा रहा है। ऐसा इसलिए की अगर भारत यह मुकाबला हार जाता है तो उसकी यह शर्मनाक हार तो होगी ही, साथ में आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का ताज गंवाना भी पड़ सकता है। बता दें कि इंग्लैंड सीरीज में 3-0 से आगे चल रहा है। उसकी नजर आज जहां क्लीन स्वीप पर रहेंगी तो वहीं दूसरी ओर नंबर-1 टी20 टीम बनने पर निगाहें टिकी रहेंगी।
भारतीय बल्लेबाजों का खराब फॉर्म बना चिंता का विषय
पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मिले मौकों का फायदा उठाने में असफल रहे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा का बल्ला पिछले दो मुकाबलों से शांत है। ईशान किशन भी लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। तिलक वर्मा, अक्षर पटेल और अन्य बल्लेबाज भी बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे हैं। हालांकि चैथे टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 49 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को उम्मीद जरूर दी थी। अंतिम मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा रहेगी।
गेंदबाजों को दिखाना होगा दम
भारतीय गेंदबाजी भी इस सीरीज में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रही है। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा लगातार रन लुटाते नजर आए हैं, जबकि स्पिन विभाग में अक्षर पटेल भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। ऐसे में निर्णायक मुकाबले में गेंदबाजों पर इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी को रोकने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
इंग्लैंड का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर
इंग्लैंड ने इस पूरी सीरीज में हर विभाग में शानदार खेल दिखाया है। कप्तान हैरी ब्रूक ने चैथे टी20 में सिर्फ 35 गेंदों पर 79 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। फिल साल्ट, जैकब बेथेल और टॉम बैंटन भी बेहतरीन लय में हैं। वहीं सैम कुरेन ने जरूरत पड़ने पर उपयोगी पारियां खेली हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया है, जबकि आदिल राशिद ने बीच के ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी की है।
पिच रिपोर्ट और मौसम
द रोज बाउल की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां अच्छी बाउंस के कारण गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन और दूसरी पारी का औसत 138 रन रहा है। अब तक खेले गए 24 टी20 मुकाबलों में 16 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजेता बनी है। ऐसे में टॉस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को साउथैम्पटन में मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश की आशंका बेहद कम है। ऐसे में दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
