बुधवार, 29 जुलाई 202610:05:50 PM
Download App
Home/विदेश

इतिहास रचने वाले भारत के सितारे : हरजिंदर और गुलवीर ने जीते रजत, बॉक्सिंग में तीन और पदक पक्के

admin

admin

Jul 29, 2026
04:58 AM
हरजिंदर और गुलवीर ने जीते रजत, बॉक्सिंग में तीन और पदक पक्के

ग्लासगो में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, पदक तालिका में भारत के 12 मेडल

नई दिल्ली/ग्लासगो। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। वहीं बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई और कम से कम तीन पदक भारत की झोली में पक्के कर दिए। इन उपलब्धियों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 12 हो गई है।

हरजिंदर कौर ने तोड़े रिकॉर्ड, जीता सिल्वर

महिलाओं के 69 किलोग्राम वर्ग में 29 वर्षीय हरजिंदर कौर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में कांस्य पदक जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार अपने प्रदर्शन को एक नए स्तर पर पहुंचाया। महज 5 फीट 3 इंच लंबी हरजिंदर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों स्पर्धाओं में दो-दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने स्नैच में पहले 99 किलोग्राम और फिर 101 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 123 और फिर 126 किलोग्राम वजन उठाते हुए कुल 227 किलोग्राम का भार उठाया। हालांकि कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने 240 किलोग्राम कुल वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बावजूद हरजिंदर का यह प्रदर्शन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा और वेटलिफ्टिंग में यह देश का सातवां पदक बना।

गुलवीर सिंह ने रचा नया इतिहास

हरजिंदर की सफलता के कुछ ही मिनट बाद भारतीय एथलेटिक्स को भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि मिली। पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय धावक बन गए।

लगातार बारिश और पानी से भरे ट्रैक पर गुलवीर ने बेहतरीन धैर्य और रणनीति का परिचय दिया। शुरुआत से ही वह शीर्ष धावकों के साथ बने रहे और अंतिम लैप में तेज रफ्तार पकड़कर दूसरे स्थान पर फिनिश किया। उन्होंने 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय निकाला। ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने 27:48.93 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दोनों के बीच महज 0.85 सेकंड का अंतर रहा।

विशाल टीके ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक और अच्छी खबर 400 मीटर स्पर्धा से आई। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी 22 वर्षीय विशाल टीके ने अपनी हीट में 46.49 सेकंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनसे अगले दौर में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। 400 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले 30 जुलाई को खेले जाएंगे।

बॉक्सिंग में तीन पदक हुए पक्के

भारतीय मुक्केबाजों ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया। एशियाई चैंपियन प्रिया घंघास, एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार और जादुमनी सिंह ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। बॉक्सिंग में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले सभी खिलाड़ियों का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाता है, ऐसे में भारत के तीन और पदक पक्के हो गए हैं।

प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम वर्ग में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया। वहीं प्रिया घंघास ने 60 किलोग्राम वर्ग में मेजबान खिलाड़ी नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमनी सिंह ने जाम्बिया के मवेंगो मवाले को हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

हालांकि भारत को दो मुकाबलों में निराशा भी हाथ लगी। परवीन हुड्डा इंग्लैंड की साचा हिकी से 2-3 के करीबी अंतर से हार गईं, जबकि पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में कपिल पोखरिया भी अपना मुकाबला हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

पदक तालिका में भारत नौवें स्थान पर

भारत अब तक ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में 2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 12 पदक जीत चुका है और पदक तालिका में नौवें स्थान पर बना हुआ है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 33 स्वर्ण, 17 रजत और 27 कांस्य सहित कुल 77 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है। भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में देश के पदकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें