बुधवार, 29 जुलाई 202611:49:15 PM
Download App
Home/देश

इंदौर लक केशव मर्डर मिस्ट्री सुलझी : शादी के प्रस्ताव से इनकार पर प्रेमी ने घोंटा गला, फिर सबूत मिटाने को लगाई आग

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 29, 2026
10:45 AM
शादी के प्रस्ताव से इनकार पर प्रेमी ने घोंटा गला, फिर सबूत मिटाने को लगाई आग

पलक गीते की रिपोर्ट

इंदौर। इंदौर में बैंक में कार्यरत 26 वर्षीय युवती पलक केशव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दतिया निवासी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि शादी से इनकार करने पर उसने पलक का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को हादसा दिखाने के लिए कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश भी की। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

5 साल पुराने रिश्ते का हुआ दर्दनाक अंत

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से हरदा जिले के टिमरनी की रहने वाली पलक केशव इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित तपेश्वरी बाग में किराए के कमरे में रहकर बैंक में नौकरी करती थी। मयंक और पलक पिछले करीब पांच साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी शादी करना चाहता था, लेकिन पलक ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर मयंक ने पलक का गला घोंटकर हत्या कर दी।

CCTV और कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी मनोज सेंधव की टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले। जांच में घटना से एक दिन पहले पलक से मिलने आए युवक की पहचान दतिया निवासी मयंक शाक्य के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे दतिया से गिरफ्तार कर इंदौर लाया, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

हत्या के बाद सबूत मिटाने की रची साजिश

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने वारदात को हादसा या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। जांच के दौरान किचन में गैस का बर्नर खुला मिला, जबकि शव के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब दो दिन पुराना था।

दुर्गंध से खुला हत्या का राज

दो दिन तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर पलक का झुलसा हुआ शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला हत्या का निकला।

जांच जारी, आरोपी से हो रही पूछताछ

फिलहाल पुलिस आरोपी मयंक शाक्य से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और वारदात के दौरान क्या-क्या हुआ। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें