बुधवार, 5 अगस्त 202609:19:51 PM
Download App
Home/विदेश

सिलसिलेवार धमाकों से दहला यूएई : धुएं के गुबार में डूबे कई शहर, ईराक ने ईरान पर मढ़ा दोष

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 05, 2026
11:10 AM
धुएं के गुबार में डूबे कई शहर, ईराक ने ईरान पर मढ़ा दोष

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में हुए कई धमाकों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रात के आसमान में घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने अमीराती अधिकारियों के हवाले से दावा किया कि करीब 20 मिनट के भीतर कम से कम सात धमाके हुए। हालांकि, अभी तक इन विस्फोटों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो बनाने पर दो लोगों की गिरफ्तारी

घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि विस्फोट किसी हमले का परिणाम थे या फिर किसी औद्योगिक दुर्घटना की वजह से हुए। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।

मिसाइल हमले के दावों से बढ़ी चिंता

इस बीच इराक के कुछ समाचार माध्यमों ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच यमन की ओर से संयुक्त अरब अमीरात पर मिसाइल हमला किया गया। वहीं कुछ पक्षों ने इस घटना को ईरान की आक्रामक कार्रवाई बताया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। दूसरी ओर, मेहर समाचार एजेंसी ने नासा की तापीय चित्रों का हवाला देते हुए बताया कि बंदरगाह से सटे एक गोदाम में आग लगी थी, जहां ईंधन के भंडारण और स्थानांतरण का कार्य होता है।

आसमान में छाया धुएं का गुबार

धमाकों के बाद सामने आए वीडियो में रिहायशी इलाके के पास काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई दिया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राहत और जांच दल मौके पर तैनात हैं और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है जेबेल अली

जेबेल अली दुबई शहर से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित संयुक्त अरब अमीरात का प्रमुख औद्योगिक और समुद्री व्यापार केंद्र है। यहां दुनिया के सबसे बड़े मानव-निर्मित बंदरगाहों में से एक, विशाल मुक्त व्यापार क्षेत्र और पाम जेबेल अली परियोजना स्थित है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री परिवहन के लिहाज से यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। क्षेत्रीय तनाव के बीच इस इलाके में हुए धमाकों ने सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि विस्फोट किसी तकनीकी दुर्घटना का नतीजा थे या इसके पीछे कोई सुनियोजित हमला था।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें