एशियाड 2026 में नेपाल क्रिकेट टीम का बड़ा उलटफेर : अफानिस्तान को 5 विकेट से धूल चटा क्वार्टर फाइनल की उम्मीदें रखी जिंदा

निशिन। एशियाड 2026 में क्रिकेट में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शुक्रवार को कोरोगी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में नेपाल क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 102 रन बनाए। जवाब में नेपाल ने 16 गेंद शेष रहते यानी 17.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर आसान लक्ष्य को को हासिल कर लिया।
अफगानिस्तान की की शुरुआत बेहद खराब रही। उसके शीर्ष तीन बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पारी की शुरुआत करने आए मोहम्मद अकरम महज 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हसन ईसाखिल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। करीम जन्नत भी सिर्फ 9 रन ही बना सके। शुरुआती झटकों के बाद अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ाती नजर आई।
फैसल और नजबुल्ला ने संभाली पारी
चैथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फैसल शिलोजादा और पांचवें नंबर के बल्लेबाज नजबुल्ला जादरान ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने 30-30 रन की उपयोगी पारियां खेलीं और टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया।
इन दोनों की पारियों की बदौलत अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 102 रन बनाए। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नांगेयालिया खरोटी ने भी नाबाद 17 रन बनाकर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में ललित राजवंशी और कुशाल भुर्टेल ने शानदार प्रदर्शन किया। ललित राजवंशी ने 3 विकेट लिए, जबकि कुशाल भुर्टेल ने 4 विकेट अपने नाम किए।
नेपाल ने 17.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 12 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे, जबकि 31 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसके 3 विकेट गिर चुके थे। ऐसे में नेपाल पर दबाव बढ़ गया था।
हालांकि संदीप जोरा और पूर्व कप्तान रोहित पौडेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। संदीप जोरा ने 35 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि रोहित पौडेल 32 गेंदों पर 33 रन बनाकर नाबाद रहे।
रोहित-संदीप की साझेदारी ने दिलाई जीत
कप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी ने भी 15 रन की उपयोगी पारी खेली। इन पारियों के दम पर नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और 5 विकेट से जीत दर्ज की।
जापान से होगा अगला मुकाबला
नेपाल का अगला मैच शनिवार को जापान के खिलाफ होना है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने की स्थिति में नेपाल ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगा। नेपाल और अफगानिस्तान के बीच यह पांचवां टी20 मैच था। पांच मुकाबलों में यह नेपाल की अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरी जीत है। इससे पहले नेपाल ने अफगानिस्तान को 2014 में चटगांव में हराया था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
