पीएम का ऐतिहासिक स्लोवाकिया दौरा : ब्रैटिस्लाव में गूंजा भारत-स्लोवाकिया साझेदारी का नया अध्याय, मोदी और रॉबर्ट ने दिए रणनीतिक सहयोग को नए आयाम

ब्रैटिस्लावा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीने स्लोवाकिया की राजधानी ब्रैटिस्लावा में अपने ऐतिहासिक दौरे के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से अहम मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ब्रातिस्लावा कैसल में विस्तृत वार्ता हुई, जिसके बाद संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। पीएम मोदी ने इस यात्रा को भारत-स्लोवाकिया संबंधों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली स्लोवाकिया यात्रा है।
व्यापार और निवेश को मिलेगा नया बल
संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है, लेकिन दोनों देशों की संभावनाएं और आकांक्षाएं इससे कहीं अधिक बड़ी हैं। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री फिको का विशेष आभार जताया। मोदी ने कहा कि दोनों पक्ष इस समझौते को जल्द लागू करने की दिशा में काम करेंगे, जिससे उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारियों को व्यापक लाभ मिलेगा।
तकनीक, एआई और डिजिटल सहयोग पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक को भविष्य की साझेदारी का प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी से जुड़े समझौतों से डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने खुशी जताई कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर ‘इंडिया चेयर’ स्थापित की जा रही है। मोदी ने कहा कि एआई का विकास केवल नवाचार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें भरोसा, जिम्मेदारी और मानव गरिमा को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने सिविल न्यूक्लियर एनर्जी, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने बताया कि रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिससे साझा विकास, संयुक्त उत्पादन और रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2017 में स्लोवाकिया का पहला उपग्रह भारत ने लॉन्च किया था और अब भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र में हो रही तेज प्रगति में स्लोवाक कंपनियों को शामिल होने का आमंत्रण दिया।
फिको ने की मोदी के नेतृत्व की सराहना
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को ‘व्यापक और रणनीतिक सहयोग’ का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने भारत की स्वतंत्र विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। फिको ने पीएम मोदी को लंबे और सफल राजनीतिक कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इतने विविध राजनीतिक माहौल में लगातार 12 वर्षों तक नेतृत्व बनाए रखना किसी राजनीतिक चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने भारत-ईयू एफटीए का स्वागत करते हुए इसके शीघ्र क्रियान्वयन का भी भरोसा दिलाया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
