शुक्रवार, 24 जुलाई 202609:56:25 PM
Download App
Home/विदेश

टी20 रन मशीन बने जोस बटलर : द हंड्रेड 16 रनों की छोटी पारी खेल कई रिकार्ड किए अपने नाम, गेल भी छूटे पीछे

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 24, 2026
07:47 AM
द हंड्रेड 16 रनों की छोटी पारी खेल कई रिकार्ड किए अपने नाम, गेल भी छूटे पीछे

लंदन। इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज और पूर्व कप्तान जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। द हंड्रेड 2026 में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और लंदन स्पिरिट के बीच लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में बटलर ने भले ही 11 गेंदों पर 16 रन बनाए, लेकिन यह छोटी पारी उन्हें टी20 क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में स्थापित करने के लिए काफी रही। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया।

टी20 रन मशीन बने बटलर

बटलर के नाम अब टी20 क्रिकेट की 487 पारियों में 14,572 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.74 का रहा है। उन्होंने अपने करियर में 9 शतक और 102 अर्धशतक भी लगाए हैं। लगातार आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन निरंतरता के दम पर उन्होंने टी20 क्रिकेट के महान बल्लेबाजों की सूची में खुद को और ऊपर पहुंचा दिया है।

अब निशाने पर कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 14,803 रन बनाए हैं। बटलर इस रिकॉर्ड से सिर्फ 231 रन पीछे हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए माना जा रहा है कि वह इसी सीजन में पोलार्ड को पीछे छोड़कर टी20 क्रिकेट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं।

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

कीरोन पोलार्ड - 14,803 रन

जोस बटलर - 14,572 रन

क्रिस गेल - 14,562 रन

एलेक्स हेल्स - 14,449 रन

डेविड वॉर्नर - 14,284 रन

विराट कोहली - 14,218 रन

खराब दौर से शानदार वापसी

कुछ समय पहले तक बटलर का प्रदर्शन सवालों के घेरे में था। टी20 विश्व कप 2026 में वह पूरी तरह फ्लॉप रहे थे और 8 पारियों में केवल 87 रन बना सके थे। उनका औसत महज 10.67 रहा, जिसके बाद उनकी फॉर्म को लेकर लगातार आलोचना हुई। हालांकि आईपीएल 2026 उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 152.46 के स्ट्राइक रेट से 526 रन बनाए और फिर भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के अंतिम मैच में 64 गेंदों पर नाबाद 131 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी लय हासिल कर ली।

इंग्लैंड के लिए भी कायम है दबदबा

जोस बटलर का शानदार रिकॉर्ड सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट तक सीमित नहीं है। इंग्लैंड के लिए उन्होंने 160 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 4,212 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 28 अर्धशतक निकले हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। बटलर इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,000 और 4,000 रन का आंकड़ा पार किया। अब उनकी नजर टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े रन मशीन बनने पर है, जिसके लिए उन्हें केवल 231 रन और बनाने हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें