रविवार, 13 सितंबर 202604:42:45 AM
Download App
Home/लाइफस्टाइल

Aparajita Plant Care Tips : घर में बेहद आसान तरीके से लगाएं अपराजिता का पौधा, फूलों से महक उठेगा घर

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

Sep 12, 2026
06:17 AM
घर में बेहद आसान तरीके से लगाएं अपराजिता का पौधा, फूलों से महक उठेगा घर

Aparajita Plant Care Tips: फूलों के पौधे भला किसे पसंद नहीं होते? और जब बात अपराजिता की हो, तो इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। अपराजिता के नीले और सफेद फूल बेहद आकर्षक होते हैं। यही वजह है कि लोग इसे घर की बालकनी, आंगन, छत या गार्डन में लगाना पसंद करते हैं।

धार्मिक मान्यताओं में भी अपराजिता के फूल का विशेष महत्व बताया गया है। पंडितों के अनुसार, यह फूल देवी-देवताओं को प्रिय है और इसे घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा और खुशहाली आती है। यदि आप भी चाहते हैं कि आपके घर में लगी अपराजिता की बेल खूब फैले और उस पर ढेरों फूल खिलें, तो पौधा लगाने से लेकर पानी, खाद और छंटाई तक इन जरूरी बातों का ध्यान रखें।

Aparajita को गमले में ऐसे लगाएं

यदि आप घर या बालकनी में अपराजिता का पौधा गमले में लगाना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी बातों का विशेष ध्यान रखें। सबसे पहले सही गमले का चुनाव करें। इसके लिए कम से कम 10 से 12 इंच का गमला बेहतर रहेगा। ध्यान रखें कि गमले में पानी डालने के बाद वह नीचे जमा न हो।

मिट्टी भरने से पहले गमले की निचली सतह पर सूखे पत्ते या नारियल के छिलके के छोटे-छोटे टुकड़े डाल सकते हैं। इससे अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल जाएगा और मिट्टी में जलभराव की समस्या नहीं होगी।

Aparajita Plant Care Tips

Aparajita के लिए कैसी हो मिट्टी?

गमले के बाद सबसे जरूरी बात मिट्टी की होती है। अपराजिता को ऐसी मिट्टी पसंद आती है, जिसमें पानी लंबे समय तक जमा न रहे। मिट्टी हल्की, भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली होनी चाहिए। बहुत ज्यादा भारी या चिपचिपी मिट्टी पौधे की जड़ों और विकास पर विपरीत असर डाल सकती है।

पौधा लगाने के लिए गार्डन सॉइल, रेत और अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद को मिलाकर मिट्टी तैयार की जा सकती है। इससे मिट्टी में पर्याप्त हवा बनी रहती है और पौधे की जड़ों को बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण मिलता है।

पौधे को चाहिए पर्याप्त धूप

अपराजिता के अच्छे विकास के लिए पर्याप्त धूप बेहद जरूरी है। पौधे को ऐसे स्थान पर रखें, जहां उसे प्रतिदिन करीब 4 से 5 घंटे धूप मिल सके।

आपको बता दें कि अपराजिता एक बेलदार पौधा है। इसलिए जैसे-जैसे इसकी बेल बढ़ने लगे, उसे लकड़ी, जाली या तार का सहारा दें। इससे बेल आसानी से ऊपर की ओर बढ़ेगी और पौधा देखने में भी अधिक सुंदर लगेगा।

बीज से भी उगा सकते हैं Aparajita

बहुत से लोग नहीं जानते कि अपराजिता को बीज के जरिए भी आसानी से उगाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले स्वस्थ और अच्छे बीज चुनें। बीजों को करीब 8 से 10 घंटे पानी में भिगोकर रखें।

इसके बाद गमले की नम मिट्टी में बीजों को करीब आधा से एक इंच गहराई में डालें और ऊपर से मिट्टी की हल्की परत डाल दें। मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन पानी जमा न होने दें। कुछ दिनों में बीज अंकुरित होने लगेंगे और धीरे-धीरे पौधा तैयार हो जाएगा।

Aparajita Plant Care Tips

AIIMS में नौकरी का सुनहरा मौका, 72 पदों पर भर्ती; ऐसे करें फटाफट आवेदन

पानी और खाद का रखें खास ध्यान

अपराजिता को पानी देते समय सबसे जरूरी बात यह है कि गमले में पानी जमा न हो। खासकर बारिश के मौसम में जरूरत से ज्यादा पानी देने से पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी महसूस होने पर ही पानी दें।

पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए समय-समय पर वर्मी कंपोस्ट या अन्य जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है। जैविक खाद पौधे को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करती है। घर में उपलब्ध जैविक चीजों से तैयार खाद, जैसे इस्तेमाल की हुई चायपत्ती या केले के छिलकों से बनी खाद का भी उचित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके साथ ही पौधे को कीटों से बचाना भी जरूरी है। समय-समय पर पत्तियों और तनों की जांच करते रहें। यदि किसी तरह के कीट दिखाई दें, तो उनकी समय रहते रोकथाम करें, ताकि पौधे को नुकसान न पहुंचे।

ये भी पढ़े - पुराने फोन में बंद हो सकता है WhatsApp, ऐसे चेक करें आपका मोबाइल प्रभावित है या नहीं

कटाई-छंटाई करना भी है जरूरी

अपराजिता एक बेलदार पौधा है, इसलिए इसकी नियमित छंटाई करना जरूरी होता है। सूखे या मुरझाए फूलों को समय-समय पर हटा दें। इसके अलावा सूखी या खराब पत्तियों और टहनियों की भी कटाई करते रहें।

हल्की छंटाई करने से पौधे में नई शाखाएं निकलने में मदद मिलती है और बेल अधिक घनी हो सकती है। ध्यान रखें कि टहनियों को हाथ से तोड़ने या मरोड़ने के बजाय साफ और तेज कैंची से कटाई-छंटाई करें।

इन छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान

यदि आप चाहते हैं कि अपराजिता के फूलों से आपका घर भी खूबसूरत और आकर्षक नजर आए, तो समय-समय पर पौधे की उचित देखभाल करें। पानी, धूप, खाद और छंटाई का सही ध्यान रखने से पौधा स्वस्थ रह सकता है और उस पर खूब सारे नीले और सफेद फूल खिल सकते हैं।

इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप भी अपने घर में अपराजिता की सुंदर बेल उगा सकते हैं और इसके खूबसूरत फूलों से अपने घर की रौनक बढ़ा सकते हैं।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें