ग्वालियर बनेगा टेलीकॉम ताकत का नया केंद्र : मुंबई में उद्योगपतियों सीएम बोले- मध्यप्रदेश उद्योगों का भरोसेमंद साझेदार, मिले 1550 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार मिलकर प्रदेश को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। ग्वालियर में स्थापित होने वाला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख दूरसंचार विनिर्माण केंद्रों में शामिल करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश में लगभग हर क्षेत्र में रिकॉर्ड निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुंबई में ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए उद्योगपतियों और निवेशकों को आमंत्रित करने आयोजित राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 'मेक इन एमपी' और 'फेथ इन एमपी' के विश्वास के चलते देश-विदेश के निवेशक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
3500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 14 हजार रोजगार की संभावना
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में आयोजित पहली निवेशक राउंड टेबल बैठक में करीब 3500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे लगभग 14 हजार रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योगों के लिए कई आकर्षक नीतियां लागू की हैं, जिनसे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सस्ती बिजली, बेहतर कानून व्यवस्था, कुशल श्रमिकों की उपलब्धता और उद्योगों को सहयोग देने वाली नीतियां निवेश के लिए बड़ी ताकत हैं। रोजगार आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार 5 से 10 वर्षों तक वेतन सहयोग जैसी योजनाएं भी संचालित कर रही है।
350 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक टेलीकॉम हब
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्वालियर में विकसित होने वाला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन करीब 350 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया जाएगा। इसमें लगभग 170 एकड़ क्षेत्र प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित होगा। यह देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम होगा, जहां दूरसंचार उपकरण निर्माण, अनुसंधान, डिजाइन, टेस्टिंग और इनोवेशन की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से मोबाइल उपकरण, नेटवर्क इक्विपमेंट, ऑप्टिकल फाइबर, सेमीकंडक्टर और 5जी-6जी तकनीक के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। परियोजना से आने वाले वर्षों में बड़े निवेश और हजारों रोजगार की संभावना है।
ग्वालियर टीएमजेड में कंपनियां करेंगी 1550 करोड़ का निवेश
ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में कई कंपनियों ने निवेश की इच्छा जताई है। इसमें एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स द्वारा 700 करोड़ रुपये, अनंत सिस्टम्स द्वारा 400 करोड़ रुपये, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज द्वारा 200 करोड़ रुपये, वीएनटी द्वारा 150 करोड़ रुपये और टेसकॉम द्वारा 100 करोड़ रुपये के संभावित निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। इन परियोजनाओं से करीब 3600 रोजगार अवसर मिलने की संभावना है।
सिंधिया बोले- भारत बन रहा टेलीकॉम आत्मनिर्भर देश
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के दूरसंचार क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। कभी मोबाइल फोन के लिए आयात पर निर्भर भारत आज दुनिया का दूसरा बड़ा टेलीकॉम आत्मनिर्भर देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत में अब हर साल करीब 33 करोड़ मोबाइल फोन का निर्माण हो रहा है और 5जी क्षेत्र में करोड़ों उपभोक्ता जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन देश के डिजिटल भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के साथ साझेदार की भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्वालियर का टेलीकॉम जोन मध्यप्रदेश को नई औद्योगिक पहचान देगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
