सोमवार, 20 जुलाई 202602:46:31 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

दतिया में सियासी दिलचस्पी : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच पर बुलाया, बीजेपी प्रत्याशी ने वहीं से मांगे वोट

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jul 19, 2026
12:59 PM
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच पर बुलाया, बीजेपी प्रत्याशी ने वहीं से मांगे वोट

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच रविवार को राजनीति का एक अलग ही रंग देखने को मिला। चुनावी माहौल में जहां आमतौर पर आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी सुर्खियों में रहती है, वहीं दतिया में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सौहार्द और शालीनता की तस्वीर सामने आई।

जीतू पटवारी की सभा के पास रुका भाजपा प्रत्याशी का काफिला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की चुनावी सभा चल रही थी। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला वहां से गुजरा। उन्होंने गाड़ी रोककर मंच की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस पर जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए उन्हें मंच पर आने का न्योता दे दिया और कहा कि सिर्फ दूर से नमस्कार नहीं, मंच पर आइए।

कांग्रेस के मंच से ही मांगे अपने लिए वोट

जीतू पटवारी के आमंत्रण पर आशुतोष तिवारी मंच पर पहुंचे। माहौल हल्का-फुल्का हो गया और उन्होंने उसी मंच से मौजूद लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील भी कर दी। यह दृश्य देखकर सभा में मौजूद लोग भी मुस्कुराए और तालियां बजाईं।

मंच पर हुई हल्की-फुल्की नोकझोंक

इस दौरान जीतू पटवारी ने चुटकी लेते हुए कहा कि यहां मौजूद लोग आशुतोष तिवारी को नहीं जानते। इस पर भाजपा प्रत्याशी ने भी तुरंत जवाब देते हुए कहा कि ऐसा नहीं है, वह इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और सभा में मौजूद लोग उनके अपने भाई-बंधु हैं। दोनों नेताओं के बीच हुई यह बातचीत चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गई।

लोकतांत्रिक परंपरा की बनी मिसाल

राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद दोनों नेताओं के बीच दिखी सहजता और आपसी सम्मान ने लोगों का ध्यान खींचा। दतिया की यह तस्वीर लोकतंत्र में स्वस्थ राजनीतिक संवाद और सौहार्द का संदेश देती नजर आई।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें