MP की बड़ी खबरें : दिग्विजय चर्चा में , मऊगंज को नई पहचान, सुप्रीम कोर्ट की सरकार को फटकार, गिरबाला सिंह जमानत पर सुनवाई पूरी

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें 27/05/2026
नेहरू की पुण्यतिथि पर गरमाई प्रदेश की राजनीति
पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर मध्य प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। भोपाल में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सांप्रदायिकता और संविधान के मुद्दे उठाए। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में वैचारिक बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया
ट्विशा शर्मा मौत मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। जबलपुर हाईकोर्ट में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है और अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि मामले की जांच के लिए गिरिबाला सिंह से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। वहीं ट्विशा शर्मा के परिजन न्याय की उम्मीद लगाए फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
मऊगंज को मिला नया RTO कोड
मऊगंज जिले को प्रशासनिक पहचान की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। मध्य प्रदेश सरकार ने जिले के लिए नया आरटीओ कोड MP 72 जारी कर दिया है। अब जिले में रजिस्टर्ड होने वाले नए वाहनों की नंबर प्लेट पर MP 72 अंकित रहेगा। जिला गठन के बाद से लोग अलग आरटीओ कोड की मांग कर रहे थे। शासन के इस फैसले के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और इसे जिले की बढ़ती प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।
चंबल में अवैध रेत खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
मुरैना स्थित राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में जारी अवैध रेत खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि कार्रवाई के बाद माफियाओं ने तरीके जरूर बदले हैं, लेकिन गैरकानूनी खनन अब भी जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए अदालत ने सरकार से जवाब तलब किया और सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव
नागपुर से इंदौर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में ट्रेन के कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ पोस्ट मामले में आरोपी को सजा
शाजापुर की अदालत ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वाले आरोपी को दोषी करार दिया है। आरोपी पर फेसबुक पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे और भारतीय महिलाओं व भगवान को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप था। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने आरोपी को दो साल के सश्रम कारावास और एक हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
