तेज प्रताप के सरकारी आवास में चोरों का धावा : ले उड़े 20 लाख और बेस कीमती सामान, शक के घेरे में निजी सचिव, मामला दर्ज

पटना। जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव के अवास से चोरी की बड़ी खबर सामने आई है। उनके आवास से करीब 20 लाख रुपए नकद और सोना-चांदी समेत कीमती सामान चोरी हो गए हैं। तेज प्रताप यादव के अनुसार, 22 जून को जब उन्होंने अपने कमरे की अलमारी की जांच की, तब इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। तेज प्रताप ने चोरी का आरोप अपने निजी सहायक पर लगाते हुए मोतीलाल के खिलाफ मामला भी दर्ज करा दिया है।
राजद नेता ने पटना के सचिवालय थाने में दिए आवेदन में दावा किया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कई कीमती सामान चोरी हो गए हैं। शिकायत के मुताबिक अलमारी से लगभग 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन गायब पाए गए। तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि चोरी हुई 20 लाख रुपये की राशि पार्टी फंड से संबंधित थी, जिसे सुरक्षित रखकर रखा गया था।
निजी सहायक पर सीधे लगाए आरोप
तेज प्रताप यादव ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना वाली रात करीब 11ः30 बजे दो लोगों ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ सरकारी आवास की बाउंड्री पार करते हुए देखा था। शिकायत में इन दोनों लोगों को प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया गया है, जिनके बयान जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्यों की हो रही पड़ताल
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तेज प्रताप यादव ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी करने और चोरी हुए नकद व सामान की बरामदगी की मांग की है।
आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभी तक शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोरी की घटना किस प्रकार हुई और इसमें किसकी भूमिका रही। इस मामले ने बिहार की राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है और अब सभी की नजरें पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
