मंगलवार, 23 जून 202608:06:13 PM
Download App
Home/देश

सोनम जैसी पुणे की सिया : मंगेतर को 350 फीटी गहरी खाई में धकेल दी खौफनाक मौत, अगले महीने होनी थी शादी, खुशियों के बीच रची साजिश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 23, 2026
09:08 AM
मंगेतर को 350 फीटी गहरी खाई में धकेल दी खौफनाक मौत, अगले महीने होनी थी शादी, खुशियों के बीच रची साजिश

पुणे। इंदौर के चर्चित सोनम रघुवंशी मामले की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आ गया। यहां शादी की तैयारियों के बीच 24 वर्षीय केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जिस घटना को शुरुआत में हादसा माना गया था, अब पुलिस उसे कथित हत्या की साजिश के तौर पर जांच रही है।

अगले महीने होनी थी शादी, घर में थीं खुशियों की तैयारियां

केतन अग्रवाल की अगले महीने शादी होने वाली थी। परिवार जयपुर में भव्य समारोह की तैयारी कर रहा था। पैलेस बुक हो चुका था और रिश्तेदारों को निमंत्रण भेजे जा रहे थे। इसके अलावा मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन और शादी से पहले बाली ट्रिप की भी योजना बनाई गई थी। परिजनों के मुताबिक, सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के बीच इतनी बड़ी साजिश पल रही है।

लोहागढ़ किले पर हुआ हादसा या सुनियोजित हत्या?

19 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। इसी दौरान वह करीब 350 फीट गहरी खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया। हालांकि, बाद में पुलिस की तकनीकी जांच ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

मोबाइल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया से खुलने लगीं परतें

पुलिस ने मोबाइल फोन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की। जांच में कथित तौर पर सिया गोयल और चेतन चैधरी के बीच करीबी संबंधों की जानकारी सामने आई। पुलिस को शक है कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगी।

14 जून को भी हुई थी कथित कोशिश

जांच एजेंसियों के अनुसार, 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किले ले जाया गया था। आरोप है कि सांप का डर दिखाकर उन्हें घाटी की ओर ले जाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस दिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 19 जून को दोबारा ट्रेकिंग का कार्यक्रम बनाया गया और कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया गया।

बाली ट्रिप और फटे पासपोर्ट की भी जांच

जांच के दौरान एक और चैंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शादी से पहले तय बाली यात्रा अचानक रद्द हो गई थी। दावा किया जा रहा है कि सिया ने अपना पासपोर्ट खोने की बात कही थी। अब पुलिस उस दावे की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि होटल में पासपोर्ट फाड़कर फेंकने की जानकारी भी सामने आई है।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में

पुणे ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेतन चैधरी को तड़के हिरासत में लिया, जबकि सुबह सिया गोयल को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार कर रही है और हर पहलू की गहन जांच कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हत्या और साजिश से जुड़े सभी आरोप पुलिस जांच पर आधारित हैं। अंतिम सत्य न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के फैसले के बाद ही तय होगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें