मंगलवार, 23 जून 202608:08:28 PM
Download App
Home/देश

तमिलनाडुः टीआरबी लेक्चरर भर्ती घोटाले में बड़ा एक्शन : ईडी ने एक साथ 18 ठिकानों पर दी दबिश, बड़े पैमाने में लेन-देन का शक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 23, 2026
08:42 AM
ईडी ने एक साथ 18 ठिकानों पर दी दबिश, बड़े पैमाने में लेन-देन का शक

चेन्नई। तमिलनाडु में कथित टीचर्स रिक्रूटमेंट बोर्ड (टीआरबी) पॉलीटेक्निक लेक्चरर भर्ती घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। जांच एजेंसी ने राज्य के विभिन्न शहरों में 18 स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। ईडी की यह कार्रवाई चेन्नई, तिरुचिरापल्ली, कोयंबटूर और मदुरै में की गई। एजेंसी को संदेह है कि सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में लेक्चरर पदों पर नियुक्ति के लिए बड़े पैमाने पर अवैध धन का लेन-देन हुआ था।

2017 के मामले से जुड़ी है पूरी जांच

यह मामला वर्ष 2017 में चेन्नई सिटी सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) में दर्ज एफआईआर और 2021 में दाखिल चार्जशीट पर आधारित है। जांच 1,058 लेक्चरर पदों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। जांच एजेंसियों के अनुसार, नई दिल्ली की एक निजी एजेंसी के कुछ कर्मचारियों ने ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन (ओएमआर) उत्तर पुस्तिकाओं और परीक्षा डेटा में हेरफेर कर कुछ उम्मीदवारों को गलत तरीके से चयनित कराने में मदद की थी।

150 से अधिक लोग जांच के दायरे में

सीबीसी की जांच में चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। इस मामले में 150 से अधिक लोगों को नामजद किया गया था। वहीं करीब 196 अभ्यर्थी गड़बड़ी का लाभ लेने के लिए संदेह के घेरे में थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि कुछ अभ्यर्थियों ने नौकरी सुनिश्चित करने के लिए बिचैलियों को 25 से 30 लाख रुपये तक का भुगतान किया था।

मनी ट्रेल की तलाश में जुटी ईडी

अपराध शाखा द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी अब कथित अवैध कमाई और उससे जुड़े धन के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी का मुख्य उद्देश्य वित्तीय रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेजों को जब्त कर धन के प्रवाह की पूरी श्रृंखला का पता लगाना है। साथ ही इस कथित घोटाले से लाभ पाने वाले लोगों की पहचान भी की जा रही है।

भ्रष्टाचार मामलों पर लगातार सख्त हो रही जांच एजेंसियां

तमिलनाडु में हाल के वर्षों में भर्ती घोटालों, कथित कैश-फॉर-जॉब्स रैकेट, अवैध रेत खनन और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलवार देर शाम तक कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी रहा। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की वित्तीय परतों को खंगालने में जुटी हुई हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें