MCX पर सप्ताह की धमाकेदार शुरुआत : एक झटके में 5,399 उछली चांदी, सोना भी चमका!

मुंबई। सप्ताह के पहले दिन यानि सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। कारोबार शुरू होते ही चांदी ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि निवेशकों की नजरें टिक गईं। वहीं सोना भी तेजी के साथ चमका और 1.60 लाख रुपये के करीब पहुंच गया। हालांकि बड़ी बात यह है कि इतनी तेजी के बाद भी दोनों कीमती धातुएं अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे कारोबार कर रही हैं।
चांदी ने मचाया तहलका
3 जुलाई एक्सपायरी वाली वायदा चांदी शुक्रवार को 2,71,846 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। लेकिन सोमवार सुबह बाजार खुलते ही इसकी कीमत सीधे 2,77,245 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। यानी एक ही झटके में चांदी 5,399 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक संकेतों और निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से चांदी में यह तेज उछाल देखने को मिला। हालांकि इसके बावजूद चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से अभी भी बेहद सस्ती बनी हुई है।
हाई से अब भी 1.80 लाख सस्ती
एमसीएक्स पर चांदी ने जनवरी 2026 में 4,57,328 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। मौजूदा कीमत की तुलना करें तो चांदी अभी भी अपने उच्चतम स्तर से करीब 1,80,083 रुपये प्रति किलो नीचे कारोबार कर रही है।
सोने में भी लौटी चमक
सोने की कीमतों में भी सोमवार को तेजी देखने को मिली। 5 जून एक्सपायरी वाला वायदा सोना शुक्रवार को 1,58,679 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को बाजार खुलते ही यह बढ़कर 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी सोने में 821 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की गई।
रिकॉर्ड हाई से अभी भी काफी नीचे
जनवरी 2026 में सोने ने 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। इसके बाद कीमतों में बड़ी गिरावट आई। फिलहाल सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 43,484 रुपये सस्ता बिक रहा है।
बाजार जानकारों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की मांग के चलते आने वाले दिनों में सोना-चांदी में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
