गुरुवार, 19 नवंबर 202607:31:20 PM
Download App
Home/देश

कारोबारियों के लिए खुशखबरी : 7.5 लाख करोड़ का बूस्टर लेकर आ रहा शादी का सीजन, 52 लाख घरों में गूंजेगी शहनाइयां

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 19, 2026
09:41 AM
7.5 लाख करोड़ का बूस्टर लेकर आ रहा शादी का सीजन, 52 लाख घरों में गूंजेगी शहनाइयां

नई दिल्ली। देश में शादी का सीजन इस बार बाजारों और कारोबारियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। घरों में शहनाइयां गूंजेंगी तो बाजारों में भी जमकर रौनक दिखाई देगी। आगामी 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इन शादियों के आयोजन और खरीदारी से लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधियां पैदा होने की संभावना है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को यह अनुमान जारी किया।

कैट के मुताबिक, दिसंबर के मध्य में खरमास शुरू होने से पहले शादी का यह सीजन कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसका फायदा छोटे-बड़े व्यापारियों से लेकर कारीगरों, निर्माताओं और सेवा क्षेत्र से जुड़े लाखों लोगों को मिलने की उम्मीद है।

सोना-चांदी से लेकर कपड़ों तक होगी जमकर खरीदारी

कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार, शादियां अब केवल पारिवारिक आयोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले बड़े आर्थिक इकोसिस्टम का रूप ले चुकी हैं। शादी के दौरान होने वाली खरीदारी और सेवाओं पर खर्च से कई कारोबारों को एक साथ फायदा मिलता है। अनुमान के मुताबिक, कुल 7.5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये वस्तुओं और खुदरा खरीदारी से आएंगे। वहीं, करीब 3.45 लाख करोड़ रुपये का योगदान सेवा क्षेत्र से होने की संभावना है।

खरीदारी की बात करें तो ज्वेलरी और कीमती धातुओं पर सबसे ज्यादा करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बाद कपड़ों और परिधानों पर लगभग 90 हजार करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। इसके अलावा उपहार, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, घरेलू सामान, किराना, मिठाइयों और शादी से जुड़े अन्य उत्पादों की भी खूब मांग रहने की उम्मीद है।

कैटरिंग और होटल कारोबार की भी होगी चांदी

शादी के आयोजन से जुड़े सेवा क्षेत्र में भी बड़े कारोबार की उम्मीद है। कैट के अनुमान के अनुसार, कैटरिंग कारोबार करीब 75 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं, शादी के आयोजन स्थल, बैंक्वेट हॉल और होटलों से लगभग 60 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट, फोटोग्राफी, सजावट और परिवहन सेवाओं को भी इस सीजन में बड़े पैमाने पर काम मिलने की उम्मीद है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें