राजस्थान में भीषण सड़क हादसा : खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी कार खाई में गिरी, 4 की मौत, 2 गंभीर घायल

जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (एनएच-148) पर रायसर के पास खाटू श्यामजी के दर्शन कर आगरा लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में जहां 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार कार का टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की मौत हो गई। वहीं, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईवे पर लगा जाम, क्रेन से निकाली गई कार
हादसे के बाद दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला गया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
