मप्र के पर्यटन को पहचान दिलाने नई पहल : गांधी सागर के हिंगलाज रिजार्ट पहुंचे सीएम मोहन, डिजिटल कॉफी टेबल बुक का अवलोकन कर कही यह बात

मंदसौर। मध्यप्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और प्रदेश के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंदसौर जिले के गांधी सागर स्थित पर्यटन विकास निगम के हिंगलाज रिजॉर्ट का दौरा किया। साथ ही डिजिटल कॉफी टेबल बुक ‘एमपी ट्रैवल हैंडबुक’ का अवलोकन किया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
डिजिटल माध्यम से दुनिया देखेगी मध्यप्रदेश की खूबसूरती
सीएम ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल माध्यम पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रभावी जरिया बन चुके हैं। ऐसे में प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी को आकर्षक और आधुनिक तरीके से प्रस्तुत करने से पर्यटकों को मध्यप्रदेश की विशेषताओं को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाने दिलाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और वन्य पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। डिजिटल नवाचारों के माध्यम से इन सभी विशेषताओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सकता है। ‘एमपी ट्रैवल हैंडबुक’ जैसी पहल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश में पर्यटकों की रुचि भी बढ़ाएगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
