हैदराबाद स्कूल में कलमा विवाद से हड़कंप! : हिंदू छात्र पर दबाव का आरोप, हिन्दू संगठनों और अभिभावकों का हंगामा, शिक्षिका पर गिरी गाज

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के सैदाबाद स्थित एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के एक छात्र पर कथित रूप से कलमा और फातिहा पढ़ने का दबाव बनाने के आरोपों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों, स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते विवाद के बीच स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को निलंबित करने के साथ भविष्य में संस्थान के किसी भी स्कूल में नियुक्ति के लिए स्थायी रूप से अयोग्य घोषित कर दिया है। हालांकि, छात्र पर धार्मिक पाठ पढ़ने का दबाव बनाए जाने के आरोपों की आधिकारिक जांच अभी जारी है।
स्कूल ने शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कीं
स्कूल प्रशासन के आदेश के अनुसार, आरोपी शिक्षिका शेख आयशा परवीन की सेवाएं 16 जुलाई से तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। आदेश में कहा गया है कि उन्हें सक्सेस ग्रुप के किसी भी शिक्षण संस्थान में भविष्य में नौकरी के लिए भी अयोग्य घोषित किया गया है। स्कूल की ओर से यह कार्रवाई विवाद बढ़ने के बाद की गई।
अभिभावकों ने जताया कड़ा विरोध
जानकारी के अनुसार, सैदाबाद स्थित श्सक्सेस स्कूलश् में पढ़ने वाले दूसरी कक्षा के एक छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चे पर कक्षा में श्कलमाश् और श्फातिहाश् पढ़ने का दबाव डाला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि विद्यालय शिक्षा का केंद्र है और वहां किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि या किसी छात्र पर धार्मिक पाठ पढ़ने का दबाव स्वीकार्य नहीं है।
स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, जांच की मांग
घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने स्कूल परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और यह सुनिश्चित करने की मांग की कि भविष्य में स्कूलों में इस प्रकार की कथित घटनाएं दोबारा न हों। अभिभावकों ने भी पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई।
टी. राजा सिंह ने साधा निशाना
मामले पर निर्दलीय विधायक टी. राजा सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बेहद गंभीर घटना है और इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। राजा सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सैदाबाद क्षेत्र एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के संसदीय क्षेत्र में आता है और उन्होंने इस मुद्दे पर ओवैसी की चुप्पी पर सवाल उठाए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
