मुर्शिदाबाद में आधी रात ईवीएम सेंटर पर सियासी बवाल : प्रशासन और विधायक आमने-सामने, मतगणना से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोलकाता-मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले मुर्शिदाबाद जिले में सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब सागरदिघी से निवर्तमान विधायक और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बायरन बिस्वास ने आधी रात को एक ईवीएम स्ट्रॉन्गरूम के बाहर जमकर हंगामा किया। यह घटना जंगीपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर की है, जहां कई विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम सुरक्षित रखे गए हैं और 4 मई को यहीं मतगणना होनी है।
सीसीटीवी निगरानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, बायरन बिस्वास रात करीब 10 बजे स्ट्रॉन्गरूम का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर के अंदर तो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन उनकी निगरानी के लिए बाहर कोई स्क्रीन उपलब्ध नहीं थी। इस पर उन्होंने स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत मॉनिटरिंग स्क्रीन लगवाने की व्यवस्था की।
हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ। विधायक का दावा है कि रात करीब 12 बजे और फिर 1 बजे कुछ समय के लिए ब्ब्ज्ट कैमरे काम करना बंद कर गए, जिससे सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता और बढ़ गई।
सुबह फिर पहुंचे, लेकिन नहीं मिली एंट्री
घटना ने नया मोड़ तब लिया जब बायरन बिस्वास सुबह करीब 4 बजे फिर से कॉलेज परिसर पहुंचे और अंदर जाने की अनुमति मांगी। सुरक्षा में तैनात केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि गेट के बाहर खड़े होकर विधायक ने पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके चलते सुरक्षाबलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
राजनीतिक साजिश का आरोप
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बायरन बिस्वास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फरक्का से सागरदिघी तक कई सीटों पर उनकी पार्टी के उम्मीदवारों की संभावित हार एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि यह साजिश दिल्ली स्तर पर रची गई है। फिलहाल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने का आश्वासन दिया है, वहीं इस घटना ने मतगणना से पहले राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
