मोहन कैबिनेट की विकास के फैसलों पर मुहर : अद्वैत लोक, बिजली और सहकारिता को मिली मंजूरी, एक साल तक नहीं होंगे जिला सहकारी बैंकों के चुनाव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बिजली व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है। ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2278.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कैबिनेट ने मध्य प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टालने के प्रस्ताव पर को भी मंजूरी दे दी है। इसके अलावा 46,574 घरों और 54 शासकीय संस्थानों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193.72 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है। बैठक के निर्णयों की जानकारी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने दी।
देशी गाय पालने वालों को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार
कैबिनेट ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत देशी गोवंश के संरक्षण के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मंजूरी दी। इसका लक्ष्य प्रदेश का दुग्ध उत्पादन दोगुने से अधिक करना और मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी देशी नस्लों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पहले वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चिह्नित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक इसे सभी 313 विकासखंडों में लागू किया जाएगा।
प्रतियोगिता में छह लीटर या उससे अधिक प्रतिदिन दूध देने वाली भारतीय उन्नत देशी नस्ल की गाय पालने वाले गोपालक शामिल हो सकेंगे। दूध उत्पादन के औसत के आधार पर विजेताओं का चयन होगा। प्रत्येक वृंदावन ग्राम और विकासखंड में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपये दिया जाएगा। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गोवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में करना अनिवार्य होगा।
सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टले
कैबिनेट ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के निर्धारित चुनाव एक वर्ष आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रदेश की कई ग्राम पंचायतों में नई समितियों के गठन और संचालन की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में चुनाव कराने से प्रशासनिक और वैधानिक दिक्कतें आ सकती थीं। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।
नौ सहकारी बैंकों को 325 करोड़ का सहारा
प्रदेश के कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता स्वीकृत की गई है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये तथा रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध कराई जाएगी।
46 हजार से अधिक घरों में पहुंचेगी बिजली
आरडीएसएस योजना के पहले चरण में 1834 बसाहटों के 46,574 अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों का विद्युतीकरण होगा। इसके लिए 193.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें केंद्र सरकार 116.24 करोड़ रुपये यानी 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 77.48 करोड़ रुपये यानी 40 प्रतिशत का योगदान देगी। वितरण कंपनियां बिजली अधोसंरचना तैयार करेंगी। 20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी राज्य सरकार ने सैद्धांतिक सहमति दी है।
अद्वैत लोक के लिए 2279 करोड़, पांच साल तक जारी रहेंगी योजनाएं
ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि 2026-27 से 2030-31 तक 2278.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां शंकर संग्रहालय, माया गैलरी, उच्च तकनीक वाला रंगमंच, लेजर लाइट एवं ध्वनि प्रदर्शन, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका और कलाग्राम सहित विभिन्न आकर्षण विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
