दीदी के बड़े फैसले से मची सियासी हलचल : संगठन पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश या अंदरूनी बगावत को दबाने की रणनीति?

कोलकाता। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी के अंदर उठी बगावत की आग के बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संगठन स्तर पर ऐसा बड़ा और अक्रामक कदम उठया है, जिसने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। दरअसल पार्टी सुप्रीमो ने तत्काल प्रभाव से पार्टी की सभी मौजूदा कमेटियों और फ्रंटल संगठनों को भंग करने का निर्णय लिया है। इस फैसले को टीएमसी के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े संगठनात्मक फेरबदल में से एक माना जा रहा है।
टीएमसी के भीतर लगभग 16 फ्रंटल संगठन सक्रिय हैं, जो युवा, महिला, छात्र, मजदूर और अन्य वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके अलावा पार्टी में मुख्य कार्यकारी समिति, कोर समिति, राज्य और जिला स्तर की इकाइयाँ भी संगठनात्मक ढांचे का अहम हिस्सा रही हैं। अब इन सभी ढांचों को भंग कर नए सिरे से तैयार किए जाने का निर्णय यह संकेत देता है कि पार्टी एक बड़े पुनर्गठन और सख्त नियंत्रण की दिशा में बढ़ रही है। राजनीतिक जानकार इसे ममता बनर्जी की ‘डैमेज कंट्रोल स्ट्रैटेजी’ के रूप में देख रहे हैं, जो आने वाले समय में बंगाल की राजनीति को और अधिक गर्मा सकती है।
संगठनात्मक संरचना का किया जाएगा पुनर्गठन
टीएमसी की ओर से एक्स पर जारी बयान में कहा गया कि गहन समीक्षा और आंतरिक विचार-विमर्श के बाद यह तय किया गया है कि पश्चिम बंगाल में पार्टी की सभी कार्यकारी, कोर, राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की कमेटियों के साथ-साथ सभी अनुषांगिक संगठन तत्काल प्रभाव से भंग माने जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी ने संकेत दिया है कि जल्द ही पूरी संगठनात्मक संरचना का पुनर्गठन किया जाएगा।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का दावा
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह कदम आत्म-निरीक्षण और प्रदर्शन मूल्यांकन की व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा है। नए ढांचे के तहत संगठन को और अधिक प्रभावी, अनुशासित और जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का दावा किया गया है। हालांकि, इस फैसले के पीछे वास्तविक राजनीतिक कारणों पर पार्टी ने कोई खुलासा नहीं किया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
