गुरुवार, 19 नवंबर 202607:31:17 PM
Download App
Home/देश

अब दूसरे देशों पर निर्भर रहने का समय नहीं : फिक्की के सम्मेलन से पीएम मोदी ने उद्योग जगत को किया आगाह, बोले- 2047 के लिए तैयार करें रोडमैप

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 19, 2026
06:41 AM
फिक्की के सम्मेलन से पीएम मोदी ने उद्योग जगत को किया आगाह, बोले- 2047 के लिए तैयार करें रोडमैप

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के उद्योग जगत को आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दुनिया में संसाधनों का इस्तेमाल हथियार के रूप में किया जा रहा है। ऐसे में भारत के उद्योगों को घरेलू स्तर पर अपनी क्षमताएं विकसित करने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी फिक्की की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने फिक्की के 100 वर्ष पूरे होने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए उद्योग जगत को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

अगले 20 साल का लक्ष्य तय करे उद्योग जगत

पीएम मोदी ने कहा कि किसी संस्था का 100 वर्षों तक सक्रिय रहना और बदलते समय के साथ खुद को विकसित करना बड़ी उपलब्धि है। फिक्की ने देश की आर्थिक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए समय-समय पर आत्मचिंतन जरूरी है। यह केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि उद्योग और देश के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उद्योग जगत को विचार करना चाहिए कि अगले 20 वर्षों में उसे क्या हासिल करना है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में वह किस तरह योगदान दे सकता है।

फार्मा सेक्टर में आयात पर निर्भरता कम करने की जरूरत

प्रधानमंत्री ने फार्मा इंडस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश आज भी एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स और इंटरमीडिएट्स का अरबों डॉलर का आयात करता है।

उन्होंने उद्योग जगत से सवाल किया कि जब इन उत्पादों का निर्माण भारत में संभव है तो इनके लिए दूसरे देशों पर निर्भरता क्यों बनी रहे? उद्योगों को ऐसी वस्तुओं की पहचान करनी चाहिए, जिनका उत्पादन देश में बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यही स्थिति कई अन्य क्षेत्रों में भी है। भारत को महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी विशेषज्ञता हासिल करनी होगी, ताकि वैश्विक चुनौतियों के बीच देश की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

7 प्रतिशत रह सकती है भारत की विकास दर

प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने इस साल भारत की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो किसी एक महीने में देश का अब तक का सबसे अधिक निर्यात है।

वैश्विक संस्थाओं का भारत पर बढ़ा भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक मजबूती और विकास की संभावनाओं को देखते हुए मूडीज, एसएंडपी, फिच रेटिंग और वर्ल्ड बैंक जैसी वैश्विक संस्थाएं भी देश की विकास संभावनाओं को लेकर सकारात्मक रुख दिखा रही हैं।

प्रधानमंत्री का संदेश साफ है कि विकसित भारत 2047 का सपना केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसके लिए उद्योगों को नवाचार, घरेलू उत्पादन, तकनीक और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभानी होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें