सोमवार, 23 नवंबर 202608:03:43 PM
Download App
Home/देश

मप्र में तीसरी संतान पर नौकरी की बंदिश खत्म : मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, 11,474 करोड़ की हाइड्रो परियोजना को मंजूरी, जानें अन्य अहम फैसलों के बारे में

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 18, 2026
10:06 AM
मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, 11,474 करोड़ की हाइड्रो परियोजना को मंजूरी, जानें अन्य अहम फैसलों के बारे में

मंदसौर। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को मंदसौर जिले के गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में युवा, किसान में प्रदेश के विकास, औद्योगिक विस्तार, ऊर्जा उत्पादन, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। कैबिनेट ने जहां मंदसौर में 11,474 करोड़ की पंप्ड हाइड्रो परियोजन और प्रदेश में 5 औद्योगिक पार्क के प्रस्ताव को हरी झंडी दी। वहीं कैबिनेट ने दो बच्चों की पाबंदी वाला नियम खत्म के प्रस्ताव का भी अनुमोदन कर दिया। सरकार के इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा कई और अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने दी।

मध्य प्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम में संशोधन पर सीएम ने कहा- अतीत में शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चों वाला नियम था। इससे कठिनाइयां आती थीं। हमने ये नियम हटा दिया है। अब तीन बच्चे हों या चार बच्चे हों... जब समाज को ये छूट है तो शासकीय सेवकों को बाध्य किया जाए। तीसरी संतान के आधार पर जिन कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई या विभागीय जांच चल रही है, उसे समाप्त कर दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से 26 जनवरी 2001 या उसके बाद तीसरी संतान वाले शासकीय सेवक अब अपात्र नहीं माने जाएंगे। पहले 26 जनवरी 2001 से यह प्रावधान था कि तीसरा बच्चा होने पर सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी।

उद्योगों के लिए ऐतिहासिक रही यह कैबिनेट बैठक

वहीं सीएम ने कहा कि आज की कैबिनेट उद्योगों के लिए ऐतिहासिक है। नीमच और मंदसौर क्षेत्र में लगभग 3,500 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों के माध्यम से उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सरकार का लक्ष्य क्षेत्र को औद्योगिक गतिविधियों का नया केंद्र बनाना है।

इसमें 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश और 1 लाख रोजगार सृजित होंगे। रतलाम इन्वेस्टमेंट रीजन में 453 हेक्टेयर में बायो-फार्मा पार्क स्थापित होगा। इससे 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश और 25 हजार रोजगार मिलेंगे। धार के भैंसोला में 341.10 हेक्टेयर में वस्त्र उद्योग पार्क को विशेष प्रोत्साहन पैकेज मिला। यह 6,150 करोड़ रुपये का निवेश लाएगा और 35 हजार लोगों को रोजगार देगा। उज्जैन में 100 एकड़ भूमि पर 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप-टेक अनुसंधान एवं नवाचार पार्क स्थापित होगा। यह अंतरिक्ष विज्ञान, कृषि तकनीक और नई प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान को बढ़ावा देगा।

11,474 करोड़ की परियोजना को हरी झंडी

बैठक का सबसे प्रमुख फैसला गांधी सागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मंजूरी देना रहा। करीब 11,474 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की क्षमता 1,920 मेगावाट होगी। मुख्यमंत्री ने इसे देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल बताते हुए कहा कि इससे बिजली की मांग बढ़ने वाले पीक आवर्स में ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। परियोजना से क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

पर्यटन के नक्शे पर चमकेगा गांधी सागर

मुख्यमंत्री ने गांधी सागर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, वन्य संपदा, चीतों की मौजूदगी, प्राचीन शैलचित्रों और जल पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के लिहाज से यह क्षेत्र बेहद खास है। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि गांधी सागर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना सके।

ऊर्जा, उद्योग और पर्यटन का नया केंद्र बनेगा क्षेत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा नीमच-मंदसौर अंचल को ऊर्जा, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की है। गांधी सागर में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट के फैसलों से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है।

उद्योगों को प्रोत्साहन और ऊर्जा विकास

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के सशक्तीकरण हेतु श्एमपी एमएसएमई लिमिटेडश् के गठन को मंजूरी दी गई। इसके लिए 10 करोड़ रुपये का प्रारंभिक वित्तीय प्रावधान अनुमोदित हुआ। एमएसएमई अधोसंरचना विकास योजना को 1,507 करोड़ रुपये की लागत से आगामी 5 वर्षों तक जारी रखने की स्वीकृति मिली। ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सौर परियोजना के द्वितीय चरण को मुहर लगी। इसमें 800 मेगावॉट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली और 200 मेगावॉट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना विकसित होगी। कॉन्फेडरेशन ऑफ इण्डियन इण्डस्ट्री (ब्प्प्) को आगामी 3 वर्ष हेतु म.प्र. औद्योगिक विकास निगम का नेशनल पार्टनर नियुक्त किया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय के क्षेत्र में निर्णय

मुरैना को पहला विश्वविद्यालय मिलेगा, जहां श्री राधे विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई। यह विश्वविद्यालय वर्ष 2027-28 से प्रारंभ किया जाएगा। रीवा मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत राशि 321.94 करोड़ से बढ़ाकर 414.17 करोड़ रुपये करने को स्वीकृति मिली। नशे की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण हेतु विशेष न्यायालय स्थापित होंगे। ये न्यायालय इंदौर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, भोपाल और रीवा सहित 6 जिलों में बनेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें