जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा प्रदर्शन, : सरकार का बड़ा फैसला, दिल्ली पुलिस ने जारी किया आदेश, अब इन 3 जगहों पर उठेगी विरोध की आवाज

नई दिल्ली। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना देने की जगहों को लेकर अहम बदलाव हो गया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर पाबंदी लगा दी है। इसकी जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में तय किया गया है। यह फैसला गृह मंत्रालय ने लिया है। खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब राजधानी में विरोध- प्रदर्शनों का दौर चल रहा है।
जंतर-मंतर की जगह अब इन तीन स्थानों पर होंगे प्रदर्शन
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली में धरना और आंदोलन आयोजित करने के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं।
रामलीला मैदानः विभिन्न संगठनों और नागरिक समूहों के प्रदर्शन के लिए।
बुराड़ी मैदानः धरना-प्रदर्शन के लिए वैकल्पिक स्थल के रूप में।
सीबीडी ग्राउंड, पूर्वी दिल्लीः प्रदर्शन आयोजित करने के लिए तीसरे निर्धारित स्थान के रूप में।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश संख्या एलएंडओ-48-2026 में यह जानकारी दी गई है। आदेश के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकों के प्रदर्शन और विरोध करने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थलों की पहचान के लिए एक समिति बनाई थी। समिति को मौजूदा निर्धारित स्थल के विकल्प तलाशने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसकी सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया, नियमों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यह बदलाव 28 अप्रैल 2022 को जारी आदेश में आंशिक संशोधन के तौर पर बताया गया है।
ऐतिहासिक आंदोलनों का गवाह रहा है जंतर-मंतर
दिल्ली का जंतर-मंतर लंबे समय से सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और विभिन्न जन आंदोलनों के लिए प्रमुख स्थान रहा है। यहां कई ऐसे प्रदर्शन हुए, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर लोगों और राजनीतिक हलकों का ध्यान आकर्षित किया।
नागरिक अधिकारों, सामाजिक मुद्दों और सरकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले संगठनों के लिए यह स्थल विशेष महत्व रखता रहा है। ऐसे में इसे निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के फैसले पर चर्चा शुरू हो गई है।
अभिजीत दीपके बोले- ‘अब पूरा देश बनेगा जंतर-मंतर’
सरकार के फैसले पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के निर्धारित स्थल से हटाने के पीछे सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं। दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पहले ही विरोध का मैदान बन चुका था और अब देशभर में लोग अपनी आवाज उठाएंगे।
फिलहाल, इस बदलाव के बाद दिल्ली में प्रदर्शन आयोजित करने वाले संगठनों को नए निर्धारित स्थलों का रुख करना होगा। आने वाले समय में दिल्ली पुलिस की ओर से जारी होने वाली एसओपी से प्रदर्शन की अनुमति, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
