शहडोल में बनेगा नया औद्योगिक पार्क और आधुनिक सभागार : CM मोहन की बड़ी सौगात, कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सहित कई बड़ी घोषणाएं

शहडोल। मुख्यमयंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए कहा कि महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष से ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी थी। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। अब 15 नवंबर देश के राष्ट्रीय गौरव का दिन बन चुका है।
शहडोल को 357 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 8.64 करोड़ रुपए के 10 कार्यों का लोकार्पण और 349.07 करोड़ रुपए के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर आदि पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और वीरता की गाथाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के 10 हितग्राहियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वरोजगार योजना के तहत जग्गू बैगा को 20 लाख रुपए की सहायता भी दी गई।

फोरलेन सड़क से लेकर डिजिटल लाइब्रेरी तक कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपए की लागत से 18 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बनेगी। हनुमान मंदिर तक पहुंचने के लिए 13 करोड़ रुपए की सड़क स्वीकृत की गई। मऊ से चरखारी तक नई सड़क, शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त सभागार बनाने की भी घोषणा की गई। संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा और हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम भेजी जाएगी। शहडोल में नए औद्योगिक पार्क का भूमिपूजन भी जल्द होगा।
25 साल की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जनजातीय नायकों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और जनजातीय क्षेत्रों में स्वतंत्रता की अलख जगाई। दुर्भाग्य से आजादी के बाद की सरकारों ने इन महापुरुषों के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया। बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष किया और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने अपना देश, अपना राज का उद्घोष कर समाज को नई दिशा दी। वीर बूदु भगत और मदारा महतो जैसे जननायकों के संघर्ष को भी मुख्यमंत्री ने याद किया।
दो लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है। आगे दो लाख नए पदों पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। अगले महीने शहडोल में चार हजार करोड़ रुपए की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन प्रस्तावित है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
