शुक्रवार, 5 जून 202606:02:41 PM
Download App
Home/देश

‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान का शुभारंभ : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम मोहन यादव का बड़ा संदेश, प्रदेशवासियों से भागीदारी का किया आह्वान

admin

admin

Jun 05, 2026
10:30 AM
विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम मोहन यादव का बड़ा संदेश, प्रदेशवासियों से भागीदारी का किया आह्वान

भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में राज्य स्तरीय समारोह के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

पर्यावरण संरक्षण को बताया भारतीय संस्कृति का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जीवन दर्शन प्रकृति के साथ सहअस्तित्व की भावना पर आधारित है। हमारी पूजा-पद्धति, संस्कार और परंपराएं जल, वृक्ष, सूर्य तथा प्रकृति के अन्य तत्वों के सम्मान से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिस पर्यावरणीय संतुलन की चिंता आज पूरी दुनिया कर रही है, भारत उसे सदियों पहले अपने जीवन का हिस्सा बना चुका है।

यूनियन कार्बाइड मुद्दे पर कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भोपाल गैस त्रासदी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चार दशक पहले पर्यावरणीय जोखिमों की अनदेखी कर यूनियन कार्बाइड संयंत्र को संचालित होने दिया गया, जिसके दुष्परिणाम हजारों लोगों को भुगतने पड़े। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार यूनियन कार्बाइड के कचरे के सुरक्षित निस्तारण का कार्य कर चुकी है और उस स्थल के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।

जल संरक्षण और बावड़ियों के दस्तावेजों का विमोचन

समारोह में मुख्यमंत्री ने सर्कुलर इकॉनॉमी से जुड़े पांच नए कोर्स मॉड्यूल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही एप्को और इन्टैक द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का भी विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

ग्रीन एनर्जी और सतत विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में भी सौर, पवन, बायोमास और जल विद्युत परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण संभव होगा।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें