बुधवार, 28 अक्टूबर 202610:45:27 PM
Download App
Home/देश

मप्र राज्यसभा उपचुनाव : भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी पर लगाया दांव, 12 नवंबर को होगी वोटिंग

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 28, 2026
09:25 AM
भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी पर लगाया दांव, 12 नवंबर को होगी वोटिंग

नई दिल्ली/भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने इस बार केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर दांव लगाया है। केन्द्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को हरदीप सिंह पुरी के नाम पर मुहर लगाई। बता दें कि यह सीट पूर्व केन्द्रीय मंत्री डाॅ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

हरदीप सिंह पुरी के नाम की घोषणा के साथ भाजपा ने इस सीट के लिए अपना उम्मीदवार तय कर दिया है। अब चुनावी प्रक्रिया और मतदान के बाद ही यह साफ होगा कि राज्यसभा की यह सीट किसके खाते में जाती है। हालांकि विधायकों के वोट के आधार पर भाजपा का पलड़ा भारी है।

12 नवंबर को मतदान की तैयारी

निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मध्य प्रदेश की इस राज्यसभा सीट पर जरूरत पड़ने पर 12 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस चुनाव में मध्य प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर राज्यसभा के नए सदस्य का चुनाव करेंगे।

नामांकन के लिए 2 नवंबर तक का समय

उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 26 अक्टूबर से नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, नामांकन पत्र विधानसभा भवन, भोपाल स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में जमा किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें