शनिवार, 23 मई 202609:58:07 PM
Download App
Home/देश

इंदौर में जल संकट पर सियासी संग्राम : भाजपा पार्षद ने विधायक निवास के बाहर सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, लगाए पानी दो पानी दो के नारे

admin

admin

May 23, 2026
06:39 AM
भाजपा पार्षद ने विधायक निवास के बाहर सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, लगाए पानी दो पानी दो के नारे

इंदौर। मध्यप्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जल संकट भी विकराल होने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में लोगों के पानी के रात-दिन संघर्ष करना पड़ रहा है। इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर अब आम जनता के साथ जनप्रतिनिधियों का आक्रोश भी खुलकर सामने आने लगा है।

शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रहे जल संकट के विरोध के बीच शनिवार को भाजपा पार्षद लाल बहादुर वर्मा के नेतृत्व में वार्ड 26 के सैकड़ों रहवासी भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के निवास पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क पर बैठकर “पानी दो, पानी दो” और “नई टंकी बनाओ” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।

दूसरे वार्डों में भेजा जा रहा पानी, रहवासी परेशान

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने आरोप लगाया कि जिस पानी की टंकी से वार्ड 26 में सप्लाई होती है, उसी का पानी दूसरे वार्डों में भेजा जा रहा है। इसके कारण इलाके में पानी की भारी किल्लत हो गई है। उन्होंने कहा कि नलों में मुश्किल से दो-तीन बाल्टी पानी आ रहा है और निगम के टैंकर भी समय पर नहीं पहुंच रहे। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

रहवासियों का कहना था कि गर्मी बढ़ने के साथ हालात और खराब हो गए हैं। कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने दिया आश्वासन, बढ़ेंगे टैंकर

प्रदर्शन के दौरान विधायक रमेश मेंदोला ने रहवासियों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि वार्ड 26 की समस्या को लेकर मेयर और निगम अधिकारियों से चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नई पानी की टंकी बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। साथ ही मौजूदा संकट को देखते हुए पानी के टैंकरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी ताकि लोगों को राहत मिल सके।

एक सप्ताह में कई जगह विरोध प्रदर्शन

इंदौर में जल संकट को लेकर पिछले एक सप्ताह में दस से ज्यादा स्थानों पर प्रदर्शन हो चुके हैं। इससे पहले भाजपा विधायक महेंद्र हडिया ने भी अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई थी। लगातार बढ़ते विरोध के बीच नगर निगम और प्रशासन पर पानी की समस्या को जल्द हल करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

मेयर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि पिछले दस वर्षों में शहर की आबादी तेजी से बढ़ी, लेकिन उसी अनुपात में नए जल स्रोत विकसित नहीं किए गए। यही कारण है कि इस बार गर्मी में जल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें