मंगलवार, 24 नवंबर 202603:30:43 PM
Download App
Home/देश

गांधीजी की सुरक्षा में चूक या कोई बड़ी साजिश? : भाजपा सांसद ने नेहरू नेहरू की भूमिका पर उठाए गंभीर सवाल, कपूर आयोग की रिपोर्ट का दिया हवाला

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 24, 2026
06:25 AM
भाजपा सांसद ने नेहरू नेहरू की भूमिका पर उठाए गंभीर सवाल, कपूर आयोग की रिपोर्ट का दिया हवाला

रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने महात्मा गांधी की हत्या के मामले में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा सांसद ने दावा किया है कि गांधीजी की हत्या की साजिश से जानकारी पहले ही सामने आ चुकी थी, इसके बावजूद नेहरू ने उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। इतना ही नहीं अपने दावों के समर्थन में दुबे ने न्यायमूर्ति जीवनलाल कपूर आयोग की रिपोर्ट और तत्कालीन नेताओं के बयानों का भी हवाला दिया है।

कांग्रेस का काला अध्याय की 253वीं कड़ी में उठाया सवाल

बता दें कि भाजपा सांसद सोशल मीडिया पर कांग्रेस का काला अध्याय नाम से एक श्रृंखला चला रहे हैं। इसकी 253वीं कड़ी में महात्मा गांधी की हत्या को लेकर तत्कालीन पीएम नेरहू को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सवाल उठाया है क्या महात्मा गांधी की हत्या नेहरू की जानकारी में हुई? भाजपा सांसद ने अपने पोस्ट में 1966 में गठित न्यायमूर्ति जीवनलाल कपूर आयोग की जांच और 1969 में आई रिपोर्ट का उल्लेख किया है। उनका दावा है कि रिपोर्ट को 1977 तक सार्वजनिक नहीं किया गया और इसमें तत्कालीन सत्ता प्रतिष्ठान की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण सवाल सामने आते हैं।

केतकर के दावे से शुरू हुई थी जांच की मांग

दुबे के अनुसार, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के पौत्र और मराठी समाचार पत्र केसरी के पूर्व संपादक जी.वी. केतकर ने 12 नवंबर 1964 को पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में दावा किया था कि नाथूराम गोडसे ने गांधीजी की हत्या की मंशा उनसे जाहिर की थी। केतकर के मुताबिक, उन्होंने इसकी जानकारी तत्कालीन बंबई प्रांत के मुख्यमंत्री बी.जी. खेर को दी थी। इस खुलासे के बाद संसद में भी मामला उठा और जांच की मांग हुई।

20 जनवरी 1948 के बम विस्फोट का भी किया जिक्र

भाजपा सांसद ने अपनी पोस्ट में 20 जनवरी 1948 की घटना का उल्लेख किया है। उस दिन मदनलाल पहवा ने गांधीजी की प्रार्थना सभा के दौरान बम विस्फोट किया था। दुबे के अनुसार, पहवा की गिरफ्तारी के बाद जांच में पुणे के कुछ युवकों की गांधीजी की हत्या की योजना से संबंधित जानकारियां सामने आई थीं। उनका दावा है कि इस संबंध में तैयार रिपोर्ट तत्कालीन बंबई के गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री मोरारजी देसाई को सौंपी थी।

पटेल के माध्यम से नेहरू तक पहुंची थी रिपोर्ट!

दुबे ने मोरारजी देसाई के कपूर आयोग के समक्ष दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने एक विशेष दूत के जरिए जांच रिपोर्ट दिल्ली भेजी थी। उनके मुताबिक, यह रिपोर्ट तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के माध्यम से प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू तक पहुंचाई गई थी। दुबे का आरोप है कि इसके बावजूद गांधीजी की सुरक्षा को लेकर अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की उठाई मांग

भाजपा सांसद ने मनु बेन और सरला बेन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया है। उन्होंने मांग की है कि गांधीजी की हत्या से जुड़े न्यायिक आयोगों की रिपोर्ट और ऐतिहासिक दस्तावेजों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि देश के सामने सभी तथ्य आ सकें।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें