मंगलवार, 24 नवंबर 202603:42:52 PM
Download App
Home/देश

शेख हसीना कब लौटेगी स्वदेश, : आवामी लीग ने तारीख का किया ऐलान, सरकार ने भी कसी कमर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 24, 2026
10:25 AM
आवामी लीग ने तारीख का किया ऐलान, सरकार ने भी कसी कमर

नई दिल्ली। बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा तूफान उठने के संकेत मिल रहे हैं। दरअसल बांग्लादेश आवामी लीग ने अपनी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की तारीख का ऐलान कर दिया है। हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लोट सकती हैं। पार्टी प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर शेख हसीना की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 16 दिसंबर तय, तैयार रहो बांग्लादेश, जय बांग्ला। इतना ही नहीं आवामी लीग ने शेख हसीना को जननेता बताते हुए कहा कि 16 तारीख को हाईवे पर जनता का कब्जा होगा। बता दें कि शेख हसीना पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं।

16 दिसंबर का दिन क्यों है खास?

यहां पर यह बता दें कि बांग्लादेश के इतिहास में 16 दिसंबर बेहद महत्वपूर्ण दिन है। वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही बांग्लादेश की आजादी की लड़ाई निर्णायक मुकाम पर पहुंची थी। इस दिन को पूरे देश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। ऐसे ऐतिहासिक दिन पर शेख हसीना की वापसी का संदेश देकर अवामी लीग ने राजनीतिक और भावनात्मक दोनों स्तरों पर बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।

सरकार से मांगा विमान

शेख हसीना की वापसी को लेकर समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के हवाले से बताया गया कि वह 16 दिसंबर को स्वदेश लौटना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार से दिल्ली से ढाका तक विमान की व्यवस्था करने की मांग की है। उनकी इच्छा सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के विमान से लौटने की है।

हथकड़ी में ही आएंगी शेख हसीनाः हुमायूं कबीर

हालांकि, शेख हसीना की वापसी इतनी आसान नजर नहीं आ रही है। बांग्लादेश के स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को हथकड़ी में या कड़ी सुरक्षा में ही बांग्लादेश वापस लाया जा सकता है। हुमायूं कबीर ने कहा, उन्हें सिर्फ हथकड़ी में या कड़ी निगरानी के तहत ही वापस लाया जा सकता है।

मौत की सजा के बाद बढ़ी मुश्किलें

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक विद्रोह के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर बांग्लादेश से भारत आना पड़ा था। इसके बाद उनके खिलाफ कई कानूनी कार्रवाई हुईं और उनके दस्तावेज भी रद्द किए गए।

पिछले वर्ष बांग्लादेश की एक अदालत ने छात्र आंदोलन को कुचलने से जुड़े मामले में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, शेख हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें