आउटसोर्स कर्मियों को नहीं हटाएंगे, : कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह में CM का ऐलान, रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला रहेगा जारी

भोपाल। प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। इस संबंध में फैलाई जा रही बातें भ्रामक हैं और आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति की वर्तमान व्यवस्था यथावत जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। जब कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। संगठनों ने दो संतान की सीमा समाप्त करने, पदोन्नति का रास्ता खोलने और वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए उनका आभार जताया।
कर्मचारियों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अधिकारी-कर्मचारियों की होती है। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना जरूरी है। सरकार ने शासकीय सेवाओं में दो संतान की सीमा संबंधी नीति समाप्त कर ऐतिहासिक फैसला लिया है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के लिए निर्धारित शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से भी छूट दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। इससे विभागों में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व को अवसर मिला है।
26 भत्तों का पुनरीक्षण, अनुकंपा नियुक्तियों में तेजी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के कंप्यूटर दक्षता प्रमाणपत्र परीक्षण सहित करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। कर्मचारियों को वेतन और भत्तों के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को राहत देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में विभागों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
