मंगलवार, 24 नवंबर 202603:42:54 PM
Download App
Home/देश

हजारों कार्यकर्ताओं का साथ छोड़ना आत्ममंथन का विषय : खंडेलवाल ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, विपक्ष के नेतृत्व और नीतियों पर भी उठाए सवाल

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 24, 2026
10:01 AM
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, विपक्ष के नेतृत्व और नीतियों पर भी उठाए सवाल

भोपाल। मप्र कांग्रेस में नेताओं-कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने और घर वापसी को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा है कि हजारों कार्यकर्ताओं का कांग्रेस छोड़कर जाना पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय है। कांग्रेस को अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यप्रणाली पर विचार करना चाहिए, क्योंकि जनता का विश्वास लगातार पार्टी से कम होता जा रहा है। खंडेलवाल ने कांग्रेस को यह नसीहत श्री गुरुनानक देव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए दी।

भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस को दूसरी पार्टियों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने-जाने की चिंता करने के बजाय पहले अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संभालने की जरूरत है। लगातार हो रहे पलायन से पार्टी की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जीतू पटवारी की ली चुटकी

जीतू पटवारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कौन कांग्रेस में आएगा और कौन पार्टी छोड़कर जाएगा, यह तो भविष्य ही बताएगा। जीतू पटवारी कांग्रेस के नेता हैं, वही बता सकते हैं कि वे कितने लोगों को पार्टी में ला पाएंगे और कितने कार्यकर्ताओं को अपने साथ बनाए रख पाएंगे।

राजस्थान के चुनाव परिणामों पर भी रखी राय

राजस्थान के पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनावों के परिणाम अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे, जबकि नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों का आकलन समग्रता में किया जाना चाहिए। केवल दो दिन के परिणामों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। भाजपा हर चुनाव पूरी गंभीरता, तैयारी और मजबूती के साथ लड़ती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें