पश्चिम बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम में भाजपा का बड़ा दांव, रेजिनगर सीट से शाखाराव पर जताया भरोसा

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। राज्य की बहुचर्चित नंदीग्राम सीट से भाजपा ने जहां सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए रहे चन्द्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को मैदान में उतारा है। यहां पर बता दें कि चंद्रनाथ रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक रहे थे और विधानसभा चुनाव के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। तो वहीं रेजिनगर सीट से शाखाराव सरकार पर भरोसा जताया है।
बेटे की हत्या के बाद अब मां चुनावी मैदान में
हसिरानी रथ को उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही चंद्रनाथ रथ का नाम एक बार फिर नंदीग्राम की राजनीति से जुड़ गया है। चंद्रनाथ की हत्या चुनाव परिणाम आने के कुछ समय बाद हुई थी। वह शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे।
6 मई 2026 की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय उनकी उम्र 42 वर्ष थी। घटना के बाद यह मामला राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में रहा था।
शुभेंदु के इस्तीफे से खाली हुई सीट
नंदीग्राम विधानसभा सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी, जिसके कारण यहां उपचुनाव की स्थिति बनी।
अब बीजेपी ने हसिरानी रथ को मैदान में उतारकर मुकाबले को भावनात्मक और राजनीतिक दोनों रंग दे दिए हैं। चंद्रनाथ रथ की हत्या की घटना को लेकर पहले से चर्चा में रही यह सीट अब उनकी मां की उम्मीदवारी के कारण फिर सुर्खियों में आ गई है। बता दें कि 24 परगना जिले में 6 मई की रात मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन गोलियां चंद्रनाथ के सिर में लगी थीं।
उपचुनाव में बढ़ेगा सियासी तापमान
हसिरानी रथ की उम्मीदवारी के बाद नंदीग्राम उपचुनाव केवल एक सामान्य चुनावी मुकाबला नहीं रह गया है। बीजेपी इस फैसले के जरिए एक पुराने मामले को भी चुनावी विमर्श में सामने ला रही है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि चंद्रनाथ रथ की मां को मैदान में उतारने का असर नंदीग्राम के मतदाताओं पर कितना पड़ता है और क्या बीजेपी इस सीट पर अपना राजनीतिक आधार और मजबूत कर पाती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
