भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज : टीम इंडिया आज अजेय बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी मैदान में, मेजबान के लिए करो या मरो का मुकाबला

नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में शानदार जीत से लवरेज टीम इंडिया सीरीज में अजेय बढ़त लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं अफगानिस्तान की टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो का रहेगा। क्योंकि हार के साथ ही उसके हाथ से सीरीज निकल जाएगी। यहां पर बता दें कि मुकाबले भले ही दिल्ली में खेले जा रहे हैं, लेकिन मैच की मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है।
पहले मैच में भारत का एकतरफा दबदबा
बता दें कि सीरीज के शुरुआती मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से शिकस्त दी थी। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 156 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने महज 13.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके साथ ईशान किशन ने भी 42 रन बनाकर टीम की जीत को आसान बनाया।
गेंदबाजी में भी भारतीय आक्रमण ने प्रभाव छोड़ा। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी, जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भी अहम योगदान दिया।
वरुण चक्रवर्ती की जगह कौन?
दूसरे मुकाबले से पहले भारत को स्पिन विभाग में बदलाव करना पड़ सकता है। वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं, ऐसे में उनकी जगह किस खिलाड़ी को अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा, इस पर नजर रहेगी। संभावित विकल्पों में रवि बिश्नोई का नाम चर्चा में है।
दिल्ली में फिर दिखेगा बल्लेबाजों का जलवा?
अरुण जेटली स्टेडियम में पहले मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए थे। ऐसे में दूसरे मैच में भी फैंस की नजर अभिषेक शर्मा पर होगी। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी अफगानिस्तान के गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है। भारत के पास सीरीज सील करने का मौका है, जबकि अफगानिस्तान के सामने वापसी की आखिरी बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में मंगलवार का मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
