हंस ध्वनि सभागार में अभियंता दिवस समारोह : सीएम मोहन गिनाईं बिजली क्षेत्र की उपलब्धियां, 85 हजार पदों पर भर्ती, पदोन्नति का भी भरोसा

भोपाल। राजधानी के रवीन्द्र भवन में मंगलवार को अभियंता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव शामिल हुए। सीएम हंस ध्वनि सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के बिजली क्षेत्र में हुए बदलावों और सरकार की आगामी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब बिजली के मामले में नए दौर में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आज के समय में विकास की गति को आगे बढ़ाने में बिजली विभाग की बड़ी भूमिका है।
55 साल में जितनी बिजली, ढाई साल में उससे ज्यादा क्षमता बढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले 55 वर्षों में करीब 5 हजार मेगावाट बिजली की क्षमता थी, जबकि उनकी सरकार ने महज ढाई साल के कार्यकाल में 7 हजार मेगावाट की अतिरिक्त क्षमता बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बिजली की उपलब्धता बढ़ने से उद्योग, कृषि और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को लेकर भी बिजली क्षेत्र में उत्साह देखने को मिल रहा है। वैश्विक निवेश सम्मेलन के बाद बिजली क्षेत्र में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आने की बात उन्होंने कही।

किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की तैयारी
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए रात में बिजली पर निर्भरता कम होगी और खेती से जुड़े काम अधिक सुविधाजनक तरीके से किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरित ऊर्जा का हिस्सा भी तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में करीब 30 प्रतिशत ऊर्जा हरित स्रोतों से मिलने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
नवीकरणीय ऊर्जा में 25 गुना छलांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश ने 25 गुना तक विस्तार किया है। उनका कहना था कि आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने दुबई में हुए निवेश संबंधी समझौतों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, दुबई में कुल 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें ऊर्जा क्षेत्र को लेकर सबसे अधिक रुचि दिखाई गई है।

85 हजार पदों पर भर्ती, पदोन्नति का भी भरोसा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में करीब 85 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कर्मचारियों को पदोन्नति का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार साल-दर-साल पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है और इस वर्ष भी पदोन्नति की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के भत्तों से जुड़े विषयों पर भी आगे काम किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से वर्तमान में मिली सुविधाओं को लेकर संतुष्ट रहने की अपील की।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
