सोमवार, 27 जुलाई 202610:13:23 PM
Download App
Home/देश

सीएम मोहन का आज मेगा रोड शो : दतिया उपचुनाव फतह करने भाजपा ने झोंकी ताकत, आशुतोश जिताने खंडेलवाल भी भरेंगे हुंकार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 27, 2026
06:44 AM
दतिया उपचुनाव फतह करने भाजपा ने झोंकी ताकत, आशुतोश जिताने खंडेलवाल भी भरेंगे हुंकार

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। मतदान में महज तीन दिन शेष हैं और चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंकते हुए सोमवार को शहर में विशाल रोड शो आयोजित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे। पार्टी इसे उपचुनाव के प्रचार अभियान का सबसे बड़ा और सबसे अहम कार्यक्रम मान रही है।

पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन से होगी शुरुआत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार शाम करीब 4ः30 बजे दतिया पहुंचेंगे। सबसे पहले वे मां पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करेंगे। दतिया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले इस शक्तिपीठ से चुनावी अभियान की शुरुआत को भाजपा प्रतीकात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण मान रही है।

कुशवाहा समाज सम्मेलन में साधेंगे सामाजिक समीकरण

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाहा समाज सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वे समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे और संवाद स्थापित करेंगे। भाजपा उपचुनाव में विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि इस सम्मेलन के जरिए पार्टी सामाजिक समीकरणों को अपने पक्ष में मजबूत करने का प्रयास करेगी।

शाम पांच बजे निकलेगा मेगा रोड शो

सम्मेलन के बाद शाम करीब पांच बजे मां पीतांबरा मंदिर के पश्चिम द्वार से रोड शो की शुरुआत होगी। यह रोड शो भैरो मंदिर होते हुए बड़ी तिगैलिया तक पहुंचेगा। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। पूरे मार्ग पर स्वागत मंच, पुष्पवर्षा और जनअभिनंदन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शहरी मतदाताओं पर खास नजर

भाजपा इस रोड शो के माध्यम से शहर के व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और शहरी मतदाताओं तक सीधा संदेश पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी का मानना है कि अंतिम चरण का यह जनसंपर्क अभियान चुनावी माहौल को और मजबूती देगा तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगा।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम

रोड शो को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने शाम चार बजे से सात बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट करने की योजना बनाई है, ताकि रोड शो सुचारु रूप से संपन्न हो सके और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो।

प्रचार थमने से पहले भाजपा का आखिरी बड़ा दांव

28 जुलाई की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा, जबकि 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में मुख्यमंत्री मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल का यह संयुक्त रोड शो भाजपा के लिए अंतिम और सबसे बड़ा चुनावी अभियान माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि यह शक्ति प्रदर्शन न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि अंतिम समय में मतदाताओं तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें