शुक्रवार, 21 अगस्त 202610:40:26 PM
Download App
Home/देश

पीएम मोदी के नाम एक और उपलब्धि : सार्वजनिक जीवन के 25 साल को जश्न के रूप में मनाएगी भाजपा, कल दिल्ली में तैयार होगी रूपरेखा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 21, 2026
09:38 AM
सार्वजनिक जीवन के 25 साल को जश्न के रूप में मनाएगी भाजपा, कल दिल्ली में तैयार होगी रूपरेखा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे कर लिए है। पीएम की इस उपलब्धि को भाजपा बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक अभियान के रूप में मनाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी द्वारा देशभर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रूपरेखा तैयार करने के लिए भाजपा कल शनिवार को दिल्ली में बड़ी बैठक आहूत करेगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को किस तरह देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया जाए। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़े आयोजनों की निगरानी की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को सौंपी गई है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के भाजपा अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और राज्य प्रभारी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। बैठक के दौरान राज्यों की भूमिका, कार्यक्रमों के स्वरूप और उनके बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

राज्य से बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी

भाजपा नेतृत्व चाहता है कि प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर से जुड़े आयोजनों का प्रभाव व्यापक हो। इसके लिए राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम कितने दिनों तक चलेंगे, उनका स्तर क्या होगा और किन वर्गों को जोड़ा जाएगा, इन सभी बिंदुओं पर रणनीति बनाई जाएगी।

पार्टी की कोशिश यह भी रहेगी कि अलग-अलग राज्यों में होने वाली गतिविधियां एक-दूसरे से जुड़ी रहें और पूरे देश में एक समान संदेश जाए। कार्यकर्ताओं को अभियान का प्रमुख आधार बनाकर इसे जमीनी स्तर तक ले जाने की योजना है।

2001 में गुजरात से शुरू हुआ सफर

नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव की शुरुआत की थी। करीब 13 वर्षों तक गुजरात की सत्ता संभालने के बाद वर्ष 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला।

2014 के बाद 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी भाजपा के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। भाजपा अब उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को इसी लंबे राजनीतिक सफर के अहम पड़ाव के तौर पर देख रही है।

कार्यक्रमों में उपलब्धियों पर रहेगा फोकस

प्रस्तावित आयोजनों में मोदी के राजनीतिक सफर, प्रशासनिक अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को जनता के बीच ले जाने पर जोर रहने की संभावना है। शनिवार की बैठक में कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा, राज्यों की जिम्मेदारियां और आपसी समन्वय को लेकर महत्वपूर्ण फैसले हो सकते हैं।

बैठक के बाद भाजपा आने वाले दिनों में देशव्यापी कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर जारी कर सकती है। ऐसे में मोदी के 25 वर्षों का यह आयोजन पार्टी के लिए सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि बड़े संगठनात्मक अभियान का रूप ले सकता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें