ओंकारेश्वर में बड़ा हादसा : श्रद्धालुओं से भरी नाव नर्मदा में पलटी, दो गंभीर घायल, रही राहत की बात

खंडवा। ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में परिक्रमा के दौरान नाव पलट गई। हादसे के दौरान नाव में 10 लोग सवार थे। घाट पर मौजूद एनडीआरएफ, होमगार्ड टीम और नाविकों की मदद से रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया, जिसमें 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिनका इलाज सनावद के अस्पताल में जारी है।
52 लोग झारखंड से दर्शन करने आए थे
जानकारी के मुताबिक दोपहर 12 बजे नवीन घाट के पास ये हादसा हुआ है। नाव में झारखंड के रांची का परिवार था, जो करीब 52 लोगों का जत्था लेकर ओंकारेश्वर आया हुआ था। सभी लोग अलग-अलग घूम रहे थे। इसी दौरान 10 लोग नाव में सवार होकर ब्रह्मपुरी घाट से संगम घाट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच नवीन घाट के पास नाव एक चट्टान से टकरा गई। टक्कर लगने से 225 नंबर की लकड़ी की नाव का पटिया टूट गया।
चट्टान के टकराने से हुआ हादसा
नाव का पटिया टूटने से उसमें पानी भर गया, जिससे नाव पलट गई। नाव में सवार सभी 10 लोग डूब गए। मौके पर तैनात होमगार्ड जवानों ने रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला। इनमें 8 लोगों की हालत ठीक है, लेकिन दो लोगों के फेफड़ों में पानी भर गया। जिनका इलाज जारी है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
