किशनगंगा नदी में गिरी कार, 5 की मौत : कुपवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, छह घायल

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा करनाह क्षेत्र के सिमारी इलाके में तीतवाल-सिमारी मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, एक कार अचानक फिसलकर किशनगंगा नदी में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए उप-जिला अस्पताल तंगधार ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सभी घायलों को हंदवाड़ा स्थित सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
उपराज्यपाल ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को घायलों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
