भारी बारिश में ढहा 100 साल पुराना मकान : रात दो बजे मचा कोहराम, एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल

प्रतापगढ़। भारी बारिश के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के महूली मोहल्ले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 100 साल पुराना और जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सात सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जो देखते ही देखते मलबे में दब गए। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
दंपती समेत दो मासूम बच्चों की गई जान
जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान लंबे समय से जर्जर हालत में था। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। गुरुवार तड़के करीब दो बजे पूरा ढांचा अचानक ढह गया। हादसे में दंपती, उनका बेटा, बहू और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घायल सदस्य को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, प्रशासन ने लिया हालात का जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई पुराने मकान खतरे की स्थिति में हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर जर्जर भवनों की सुरक्षा और समय पर उनकी मरम्मत की जरूरत को उजागर कर दिया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
